London: लंदन में हत्या की एक वारदात से हडकंप मच गया है. घर में घुस कर 24 साल की ब्रिटिश सिख महिला किरणदीप कौर की चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई. महिला को बचाने आया 25 साल का एक युवक भी इस हमले में घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है. कुछ संगठनों ने चिंता जताई है कि यह हमला सिखों के ख़िलाफ नफरत से प्रेरित अपराध हो सकता है.
किशोर की हत्या के मामले में दोषी
यह घटना दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड में मई में एक किशोर की हत्या के मामले में दोषी पाए गए एक ब्रिटिश सिख व्यक्ति को सज़ा सुनाए जाने के कुछ हफ़्तों बाद हुई है. मेट्रोपोलिटन पुलिस के अनुसार रविवार को जब अधिकारी लंदन एम्बुलेंस सेवा के साथ हेज में अक्सब्रिज रोड पर इस मकान में पहुंचे तब किरणदीप कौर घायल अवस्था में मिलीं. आपात सेवाओं की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. कौर पर चाकू से वार किया गया था.
हमलावर डैनियल शॉन जेम्स गिरफ़्तार
मेट्रोपोलिटन पुलिस ने इस वारदात के सिलसिले में 44 साल के डैनियल शॉन जेम्स को गिरफ़्तार किया है. उसे मंगलवार को विल्सडेन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया तथा उसे हत्या, हत्या की कोशिश और धारदार हथियार रखने को लेकर आरोपित किया गया. जांच संबंधी प्रमुख निरीक्षक अल्लाम भंगू ने कहा कि यह एक चौंकाने वाली घटना है, जिसमें दुखद रूप से एक महिला की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती है.
इस घटना से इलाके के लोगों में चिंता
भंगू ने अपील की कि अगर किसी ने कुछ देखा हो या उनके पास हत्या की जांच में मदद करने वाली कोई जानकारी हो, तो वह पुलिस से संपर्क करे. उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि इस घटना से इलाके के लोगों में काफी चिंता पैदा हुई होगी और आने वाले दिनों में इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी. पुलिस ने बताया कि कौर के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है और खास तौर पर नियुक्त अधिकारी परिवारवालों की मदद कर रहे हैं.
युवक की हालत खतरे के बाहर
पुलिस का कहना है कि घायल युवक की हालत खतरे के बाहर है. मेट पुलिस ने बताया कि अधिकारियों ने संदिग्ध के हुलिए से मेल खाने वाले डैनियल शॉन जेम्स को पास ही में तुरंत ढूंढ लिया और उसे गिरफ़्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार उसे अस्पताल ले जाया गया. माना जा रहा है कि उसे खिड़की से कूदने की वजह से चोटें लगीं.
इसे भी पढ़ें. काशी को मोदी सरकार की बड़ी सौगात! 43 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर और 6-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी

