बांग्लादेश में हिंसा पर UN ने जताई चिंता, कहा- अल्पसंख्यकों को सुरक्षित महसूस कराने की जरूरत

Divya Rai
Content Writer The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bangladesh Violence: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर गहरी चिंता जताई है. उनके प्रवक्ता स्टेफन दुजारिक ने कहा कि बांग्लादेश में रहने वाले सभी लोगों, खासकर अल्पसंख्यकों को सुरक्षित महसूस होना चाहिए.

Bangladesh Violence पर UN ने जताई चिंता

प्रवक्ता ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और हाल ही में हिंदुओं की लिंचिंग के बारे में पूछे जाने पर कहा, “सभी बांग्लादेशियों को सुरक्षित महसूस करने की जरूरत है. हम बांग्लादेश में देखी गई हिंसा को लेकर बहुत चिंतित हैं.” उन्होंने साफ कहा कि बांग्लादेश हो या कोई और देश, जो लोग बहुसंख्यक समाज का हिस्सा नहीं हैं, उन्हें भी पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए. बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेगी.

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा बढ़ी

इंकलाब मंच से जुड़े युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा बढ़ी है. बताया गया है कि इस महीने की शुरुआत में हुए एक हमले के बाद उनकी मौत हो गई थी. पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हुई थीं, जो हाल के दो हफ्तों में फिर से गंभीर रूप ले चुकी हैं. हाल के दिनों में कई ऐसे हिंदुओं को भी भीड़ ने टारगेट किया, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था. केवल उनके धर्म के कारण उन्हें निशाना बनाया गया.

फरवरी में होने वाले चुनावों को लेकर कही ये बात

हिंसा की नई घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है. पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने शांति बनाए रखने और हिंसा रोकने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि बदला और प्रतिशोध समाज में और गहरी दरारें पैदा करेगा और सभी के अधिकारों को नुकसान पहुंचाएगा. फरवरी में होने वाले चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल जरूरी है जिसमें हर व्यक्ति बिना डर के और शांति से सार्वजनिक जीवन में भाग ले सके.

मीडिया के खिलाफ हो रही हिंसा की कड़ी निंदा की

इस बीच अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के दो सदस्यों ने हिंदुओं और मीडिया के खिलाफ हो रही हिंसा की कड़ी निंदा की थी. राजा कृष्णमूर्ति ने बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा हत्या पर गहरा दुख जताते हुए इसे अस्थिरता और अशांति के दौर की खतरनाक घटना बताया. वहीं सुहास सुब्रमण्यम ने भी इस घटना पर चिंता जताई और कहा कि सरकार में हालिया बदलाव के बाद हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों की खबरें बढ़ी हैं, जिनमें घरों और मंदिरों को निशाना बनाया जाना भी शामिल है.

ये भी पढ़ें- ‘जबरन लिखवाया इस्तीफा, किया भीड़ के हवाले…’, फैक्‍ट्री प्रबंधन के वजह से गई दीपू चंद्र दास की जान

Latest News

Aaj Ka Rashifal: धनतेरस पर इन राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा, पढ़ें अपना राशिफल

Aaj Ka Rashifal, 06 November 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में कुल 12 राशियों का वर्णन हैं. हर राशि का अपना...

More Articles Like This

Exit mobile version