ईरान पर हमले के बीच अमेंरिका ने जनरल को पद से हटाया, क्या ट्रंप को अपने ही सैन्य अफसरों पर भरोसा नहीं?

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

US Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर दोबारा हमले की चेतावनी के बीच अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े अहम पद से हटा दिया गया है. इस दौरान खास बात ये है कि इस फैसले के पीछे की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है. वहीं, यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका ईरान पर नए हमलों की धमकी दे रहा है.

 बता दें कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में अब तक कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी अपने पद छोड़ चुके हैं या हटाए जा चुके हैं. इससे अमेरिकी रक्षा विभाग के अंदर नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

ईरान पर हमले की तैयारी के बीच बड़ा फैसला

ब्रेट सिल्विया अमेरिकी सेना के वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो इससे पहले 101वीं एयरबोर्न डिवीजन की कमान संभाल चुके हैं. इसके अलावा, वह जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े विभाग के निदेशक भी थे. सेना में इस विभाग को J5 कहा जाता है. इस विभाग की जिम्मेदारी सैन्य अभियानों, रक्षा नीति और व्हाइट हाउस के बीच तालमेल बनाने में अहम मानी जाती है.
वहीं, एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने कहा कि मौजूदा हालात में J5 के प्रमुख को हटाना सही समय पर लिया गया फैसला नहीं लगता. हालांकि सिल्विया की जगह किसे जिम्मेदारी दी जाएगी, इसकी घोषणा नहीं हुई है. वह पिछले एक साल में इस पद से हटाए जाने वाले दूसरे वरिष्ठ अधिकारी हैं. उनसे पहले लेफ्टिनेंट जनरल जोसेफ मैक्गी को पद छोड़ना पड़ा था.

हेगसेथ के कार्यकाल में हटाए गए कई बड़े अधिकारी

रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में अमेरिकी सेना के 26 एडमिरल और जनरल पद छोड़ चुके हैं या उन्हें हटा दिया गया है, जिसमें सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज, जनरल डेविड होडने और मेजर जनरल विलियम ग्रीन जूनियर, जनरल क्रिस ‘सी.डी.’ डोनाह्यू शामिल है.

अधिकारियों को हटाने की वजह?

पेंटागन ने सिल्विया को हटाने की वजह सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन रक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हेगसेथ का उन पर भरोसा कम हो गया था और नीति से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी एल्ब्रिज कोल्बी के साथ भी उनके संबंध अच्छे नहीं थे. साथ ही ये भी कहा जा रहा है कि कुछ अधिकारियों को विविधता से जुड़ी नीतियों, पूर्व सैन्य प्रमुखों से करीबी या मीडिया में जानकारी लीक करने के संदेह के कारण हटाया गया.
Latest News

T20 दबाव वाला खेल, कप्तान के लिए हर चीज पर नजर रखना मुश्किल: उप-कप्तान तिलक वर्मा

Auckland: भारत के टी20 उप-कप्तान तिलक वर्मा का कहना है कि वह अपने नेतृत्व रोल का भरपूर आनंद ले...

More Articles Like This

Exit mobile version