Venezuela Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो विनाशकारी भूकंपों के बाद अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,943 हो गई है, जबकि 10,571 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. देश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. मलबे को हटाने और राहत कार्य जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है हताहतों की संख्या तेजी से बढ़ रही है.
भयानक तबाही की आधिकारिक जानकारी साझा
वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बुधवार को इस भयानक तबाही की आधिकारिक जानकारी साझा की. श्री रोड्रिगेज ने बताया कि वेनेजुएला और अन्य देशों के विशेषज्ञों ने संयुक्त अभियान चलाकर मलबे से 6,461 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. 24 जून को उत्तरी वेनेजुएला में 39 सेकंड के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे.
सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल
पिछले कई दशकों में यह देश में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में शामिल हैं. इन दो भूकंपों से राजधानी काराकास, ला गुआइरा और उत्तरी क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई. सैकड़ों इमारतें ढह गईं या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं. सड़कें, अस्पताल, स्कूल तथा अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि बड़े क्षेत्रों में बिजली और दूरसंचार सेवाएं भी बाधित हुईं हैं.
प्रभावित क्षेत्रों में आपातकाल घोषित
सरकार ने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आपातकाल घोषित कर दिया है. वहीं, राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहायता के लिए सशस्त्र बलों को तैनात कर दिया है. शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, विस्थापित परिवारों के लिए आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं और चिकित्सा दल घायलों की देखभाल कर रहे हैं.
बचाव दल के साथ सहयोग करने की अपील
स्थानीय अधिकारियों ने नागरिकों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और बचाव दल के साथ सहयोग करने की अपील की है. सरकार ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन भी स्थापित की हैं और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संभावित सुनामी से बचाव के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर ऊंचे स्थानों पर चले जाने की सलाह दी है.
इसे भी पढ़ें. बंगलूरू खदान में भीषण हादसाः विशाल चट्टान गिरा, बिहार के सात श्रमिकों की मौत