New Delhi: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने जा रही तीन मैच की वनडे सीरीज से विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा भी बाहर हो गए हैं. भारतीय टीम का ऐलान करते वक्त ही बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ कर दिया था कि स्क्वॉड में मौजूद रोहित शर्मा तभी खेलेंगे, जब वह पूरी तरह फिट हो जाए, क्योंकि फिलहाल वह चोटिल हैं. ऐसे में रोहित का खेलना संदिग्ध है.
हैम्स्ट्रिंग की चोट के चलते पूरी श्रृंखला से बाहर
बता दें कि विराट कोहली भी हैम्स्ट्रिंग की चोट के चलते पूरी श्रृंखला से बाहर हो चुके हैं. विराट कोहली भी रोहित शर्मा की ही तरह टेस्ट और टी-20 से संन्यास ले चुके हैं. सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं. दोनों ही दिग्गज हर हाल में 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं. अब इसे महज संयोग कहा जाए या कुछ और कि वर्ल्ड कप से पहले जब कुछ चुनिंदा श्रृंखला ही बची हैं तो दोनों पूर्व कप्तानों को प्रैक्टिस का भरपूर मौका नहीं मिल पा रहा.
दो अर्धशतक और 84 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर
आईपीएल 2026 के नौ मुकाबलों में रोहित शर्मा ने 35.37 की औसत और 1576.22 के स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक और 84 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है. हालांकि, 39 वर्षीय रोहित अब केवल वनडे ही खेलते हैं, उन्होंने 2024 में अपनी कप्तानी में भारत को टी-20 विश्व कप जिताने के बाद उन्होंने टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. मई 2025 में टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र से पहले टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था.
न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक 76 रन शामिल
वनडे कप्तान के तौर पर रोहित का आखिरी असाइनमेंट मार्च 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतना था, जिसमें फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ निर्णायक 76 रन शामिल थे. पिछले साल उन्होंने 14 मैच और पारियों में 50.00 के औसत और 100.46 के स्ट्राइक रेट से 650 रन बनाकर भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना रिकॉर्ड बनाया, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 121 था. हालांकि, इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए खेले गए अपने आखिरी वनडे मैच में उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 61 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 25 था.
घरेलू वनडे सीरीज से बाहर
आईपीएल में तूफानी फॉर्म दिखाने वाले विराट कोहली भी इसी हैम्स्ट्रिंग की चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 42 गेंदों में 75* रन बनाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 156 रनों के मुश्किल लक्ष्य तक पहुंचाया था, लेकिन इसी मैच में परेशानी में भी नजर आ रहे थे.
इसे भी पढ़ें. Khamenei: मौत के चार महीने बाद खामेनेई को किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक, निकाला जाएगा जुलूस