Yemen News: लाल सागर में यमन के समुद्री तट के पास 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नौका को निशाना बनाया गया. इस बीच हूती गुट से जुड़े सैन्य प्रवक्ता का कहना है कि लाल सागर में स्थित जुकार द्वीप के पास सऊदी अरब की सेना ने भारतीय नौका पर हमला किया है. इस चौंकाने वाले दावे के सामने आते ही यमन में मौजूद भारतीय दूतावास पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल कर रहें है. साथ ही ये भी कहा कि नाव पर मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता दी जा रही है.
Yemen News
Must Read
इस बीच यमन के हूती समर्थित सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने दावा किया कि सऊदी अरब ने जुकार द्वीप के पास एक नौका को जानबूझकर टारगेट किया है. उन्होंने कहा कि ‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, सऊदी दुश्मन ने जुकार द्वीप के पास 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नौका पर हमला किया है.’ यमन के सुरक्षा बल समंदर में राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं. इस रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी.
वहीं, हूती प्रवक्ता ने इस कार्रवाई को गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि इस तरह के कदमों से लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है. हूती प्रवक्ता ने वैश्विक समुदाय से सऊदी अरब के इन कदमों को तुरंत रोकने की अपील भी की है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए यमन में स्थित भारतीय दूतावास ने तुरंत जांच शुरू कर दी है. उन्होंने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ‘हमने आज यमन तट पर एक नौका में 14 भारतीय नागरिकों के शामिल होने की घटना से जुड़ी रिपोर्ट देखी है.’ दूतावास के अधिकारियों ने कहा कि वे इस घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने में जुटे हैं. नाव पर सवार सभी भारतीयों की जानमाल की सुरक्षा दूतावास की सबसे पहली प्राथमिकता है.