Nigeria: पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजीरिया के पूर्वोत्तर राज्य अदमावा के एक सुदूर गांव पर हथियारों से लैस इस्लामिक स्टेट (ISIS) के आतंकवादियों ने भीषण हमला किया. इस कायराना हमले में 29 निर्दोष लोगों की मौत हो गई है. अदमावा राज्य के अधिकारियों के मुताबिक यह हमला रविवार देर रात गोम्बी स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र के गुयाकू गांव में हुआ. जब ग्रामीण अपने घरों में सो रहे थे.
ISIS ने ली इस हमले की जिम्मेदारी
तभी इसी बीच आधुनिक हथियारों से लैस आतंकियों ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर एक संदेश जारी कर आधिकारिक तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है. सोमवार को अदमावा के गवर्नर अहमदू उमरू फिंतिरी ने प्रभावित गांव का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया.
दुखद और पूरी तरह से अस्वीकार्य
वहीं गवर्नर ने इस हमले को ‘दुखद और पूरी तरह से अस्वीकार्य’ बताया. उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना कायरता की पराकाष्ठा है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सेना को आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इस हमले के बाद गुयाकू और आस-पास के गांवों में भारी दहशत फैली हुई है. कई ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं.
गांव में दहशत का माहौल
हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है. बचे हुए ग्रामीण शवों को उठाने से भी डर रहे हैं, क्योंकि हमलावरों के दोबारा लौटने का खतरा बना हुआ है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदूकधारी कई दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे. नाइजीरिया के उत्तरी हिस्सों में सक्रिय सशस्त्र गिरोह अक्सर उन गांवों को निशाना बनाते हैं, जहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी न के बराबर होती है.
सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. नाइजीरिया का यह क्षेत्र लंबे समय से इस्लामी उग्रवाद की चपेट में रहा है, जिससे हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं.
इसे भी पढ़ें. Bihar Politics News: बिहार में 3 वजहों से अटका मंत्रिमंडल विस्तार, CM सम्राट चौधरी के सामने क्या है सस्पेंस?

