West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सोमवार को निकले नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. एक तरफ भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. दूसरी तरफ, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को भवानीपुर से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. इस करारी हार के बाद ममता बनर्जी का गुस्सा सातवें आसमान पर है.
शाम 4 बजे करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही ममता बनर्जी बौखलाईं नजर आ रही हैं. वो आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली हैं. उनके साथ अभिषेक बनर्जी भी रहेंगे. भवानीपुर सीट पर मिली हार के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे.
भवानीपुर में सुवेंदु से मिली हार West Bengal Election Result
बता दें कि भवानीपुर सीट पर भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने 15,105 वोटों की अंतर से सीएम ममता को चुनाव हराया है. यह दूसरी बार है, जब उन्हें सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा. चुनावी नतीजों के साथ ही एक बार फिर यह सीट प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आ गई है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसी सीट से विधायक रही हैं. साथ ही, यह सीट लंबे समय से टीएमसी का गढ़ मानी जाती रही है. इस विधानसभा क्षेत्र के लिए दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान हुआ था.
उतार-चढ़ाव से भरा रहा भवानीपुर का इतिहास
भवानीपुर का इतिहास राजनीतिक रूप से उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. 1951 में अस्तित्व में आने के बाद इस सीट ने कई चुनाव देखे. शुरुआती वर्षों में कांग्रेस का दबदबा रहा, जबकि एक बार वामपंथी दलों ने भी यहां जीत दर्ज की. बाद में यह सीट कालीघाट के नाम से जानी गई और फिर 2009-2011 के बाद दोबारा अस्तित्व में आई. 2011 के बाद से यह सीट तृणमूल कांग्रेस का गढ़ बनी रही. लेकिन, 2026 के चुनाव परिणाम में एक बार फिर टीएमसी का गढ़ ढह गया.

