Thailand Crime: थाईलैंड के फुकेट से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां घूमने आए चार भारतीय नागरिक एक कैफे में भोजन के दौरान अचानक बेहोश हो गए. इस रहस्यमयी घटना में जहां एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई है, वहीं तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की पुष्टि करते हुए थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने आवश्यक जानकारी साझा की है.
क्या कहा भारतीय दूतावास ने?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय दूतावास ने लिखा- दूतावास थाई अधिकारियों के संपर्क में है और उस घटना पर करीब से नजर रख रहा है, जिसमें 9 मई को फुकेट में चार भारतीय पर्यटक बेहोश हो गए थे और बाद में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
दूतावास ने कहा कि उनमें से एक युवा भारतीय पर्यटक की मौत पर हमारी गहरी संवेदनाएं. दूतावास के अधिकारी इस दुख की घड़ी में हर तरह की मदद देने के लिए मृतक के परिवार के संपर्क में हैं. हम संबंधित थाई अधिकारियों के संपर्क में हैं, जो इस घटना की जांच कर रहे हैं और दूसरों की स्वास्थ्य की स्थिति पर भी नजर रख रहे हैं.
क्या कहा गया स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में?
बैंकॉक पोस्ट के मुताबिक, पुलिस ने पुष्टि की है कि शनिवार की सुबह फुकेट के एक कैफे में रहस्यमय तरीके से बेहोश होने के बाद 26 साल के एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई और तीन अन्य अभी भी अस्पताल में हैं.
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कथू जिले के कमला बीच इलाके में हुई. एक मशहूर कैफे में चार विदेशी पर्यटकों के बेहोश होने के बाद उन्हें मदद के लिए बुलाया गया. तीन को पटोंग अस्पताल और एक को थालांग अस्पताल ले जाया गया.
कौन-कौन हैं पीड़ित?
मामले की जांच कर रही पुलिस ने दोनों अस्पतालों में जाकर पीड़ितों का बयान दर्ज करने की कोशिश की. हालांकि, तीनों युवक बयान नहीं दे पा रहे थे. कैफे के सुरक्षाकर्मियों ने जांच करने वालों को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे पांच भारतीय आदमी एक साथ कैफे में आए थे. उनकी पहचान कुशाग्र अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, राहुल अग्रवाल नाम का एक और आदमी, अमन अग्रवाल और आर्यन वर्मा के रूप में हुई हैं.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सुबह करीब 1.54 बजे समूह के चार सदस्य एक-एक कर बेहोश हो गए. कैफे के कर्मचारियों ने तत्काल आपात सेवा को बुलाया और उन सभी को अस्पताल ले जाया गया. पांचवें व्यक्ति आर्यन वर्मा में कोई लक्षण नहीं दिखे. फिलहांल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं.

