लखनऊः लखनऊ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. यहां सोमवार की दोपहर अलीगंज के सेक्टर डी में एक निजी कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई. कुछ ही देर में लपटें विकराल हो गई. लोगों की सूचना पर दमकल की कई गांड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने में जुट गई. बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए कई छात्र नीचे कूद गए. इस घटना में अब तक 15 बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. अभी तक 10 लोगों को रेस्क्यू कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए.

आग कैसे लगी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. आसपास के लोगों का कहना है कि कुछ लोग अंदर फंसे हैं. हालांकि, अभी तक आधिकारिक रूप से घटना को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है.
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh | A fire official says, "It is being said that 10-12 people are trapped inside. We have not been able to enter inside the building as the fire is massive…" https://t.co/Px12bpvk5Z pic.twitter.com/xZeCsyrDGw
— ANI (@ANI) June 22, 2026
सीएम योगी दिए राहत और बचाव कार्य के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने व घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं.

मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमें पता चला है कि अभी सबसे ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने अंदर जाने के लिए पहली मंजिल की एक दीवार तोड़ी है. वहां बहुत ज्यादा धुआं है. हर कमरे की तलाशी ली जा रही है. हमारी प्राथमिकता सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना है. प्रशासन और मेडिकल टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

आसपास की इमारतों को कराया गया खाली
एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास की इमारतों को खाली कराया है. रेस्क्यू आपरेशन के लिए यातायात को भी डायवर्ट किया गया है. आग कैसे लगी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है. बड़ी संख्या में पुलिस, प्रशासन और दमकल के कर्मी मौके पर पहुंचे हैं.

क्या बोले चश्मदीद
एक चश्मदीद गवाह अमन ने कहा, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है. जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा. हमने 5-6 लोगों को बचाया. आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से कूद गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं.”
#WATCH | Lucknow fire incident | An eyewitness, Aman, says, "There is a library or a computer course institution here. When we reached here, we saw smoke coming from the building. We saved 5-6 people. After the fire broke out, a man jumped from the building, and he was seriously… pic.twitter.com/bIpJPxJYUB
— ANI (@ANI) June 22, 2026
मुख्यमंत्री योगी ने आगामी सभी दौरे रद्द किए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आगामी सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं. सीएम योगी ने अलीगढ़ में कहा, “मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है, अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई, उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें!”


