BSNL Q1 Results: पहली तिमाही में बीएसएनएल की आय में 10% की बढ़ोतरी, एंटरप्राइज और मोबाइल सेवाओं ने बढ़ाई कमाई

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी की मुख्य सेवाओं (कोर सर्विस) से होने वाली आय में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. मजबूत एंटरप्राइज कारोबार और मोबाइल सेवाओं के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत कंपनी की कोर सर्विस रेवेन्यू बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये पहुंच गई.

पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में बीएसएनएल की कोर सर्विस से आय 4,017 करोड़ रुपये थी. इस बार एंटरप्राइज कारोबार और उपभोक्ता मोबाइल सेवाएं कंपनी की आय बढ़ाने वाले सबसे प्रमुख क्षेत्र रहे.

केंद्रीय मंत्री ने की प्रदर्शन की समीक्षा

बीएसएनएल के तिमाही प्रदर्शन की समीक्षा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने की. उन्होंने अप्रैल-जून तिमाही के दौरान देश के सभी 28 दूरसंचार सर्किलों के कारोबार और परिचालन प्रदर्शन का आकलन करने के लिए आयोजित रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक की अध्यक्षता की.

वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत: सिंधिया

बैठक के दौरान ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने इसे वित्त वर्ष की मजबूत शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि बीएसएनएल के तीनों प्रमुख बिजनेस इंजन बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. साथ ही सभी दूरसंचार सर्किलों से अनुशासित क्रियान्वयन और लगातार निगरानी के जरिए पूरे वर्ष इस रफ्तार को बनाए रखने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, “बीएसएनएल के तीनों बिजनेस इंजन पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं. यह वित्त वर्ष की उत्साहजनक शुरुआत है, लेकिन हमारा लक्ष्य पूरे साल इस गति को बनाए रखना है. स्थायी विकास अनुशासित कार्यान्वयन, लगातार निगरानी और ग्राहकों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से ही संभव है.”

एंटरप्राइज कारोबार में सबसे तेज बढ़ोतरी

बीएसएनएल के अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों में एंटरप्राइज बिजनेस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. इस खंड से कंपनी की आय सालाना आधार पर 19.2 प्रतिशत बढ़कर 1,745 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 1,463 करोड़ रुपये थी.

मोबाइल सेवाओं से भी बढ़ी कमाई

कंपनी की उपभोक्ता मोबाइल सेवाओं (कंज्यूमर मोबिलिटी) से भी आय में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस तिमाही में इस खंड से बीएसएनएल को 1,724 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 1,594 करोड़ रुपये की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है.

लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड सेवाओं से भी बढ़ी आय

बीएसएनएल की उपभोक्ता फिक्स्ड एक्सेस सेवाओं, जिसमें लैंडलाइन और ब्रॉडबैंड शामिल हैं, से कंपनी की आय 960 करोड़ रुपये रही. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आय 948 करोड़ रुपये थी.

इन सर्किलों को मिला बेहतर प्रदर्शन का सम्मान

समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) और कर्नाटक को प्रमुख परिचालन मानकों पर सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएसएनएल सर्किलों के रूप में सम्मानित किया.

अगले चरण में ग्राहक अनुभव पर रहेगा फोकस

ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि अब बीएसएनएल के परिवर्तन के अगले चरण में बेहतर ग्राहक अनुभव और परिचालन उत्कृष्टता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने सभी सर्किलों को निर्देश दिया कि वे ऑप्टिकल लाइन टर्मिनल (OLT) अपटाइम, बेस ट्रांसीवर स्टेशन (BTS) अपटाइम और मरम्मत में लगने वाले औसत समय (MTTR) जैसे सेवा गुणवत्ता संकेतकों में सुधार करें, ताकि नेटवर्क की विश्वसनीयता बढ़े और ग्राहकों को पहले से बेहतर सेवाएं मिल सकें.

यह भी पढ़े: 

Latest News

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत को लेकर बड़ा दावा, मीर यार बलोच बोले- ‘85% बलूचिस्तान पर हमारा नियंत्रण’

New Delhi: पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में चल रहे बवाल के बीच एक नई खबर ने भूचाल...

More Articles Like This