Dhar Accident: मध्य प्रदेश से दुखद खबर सामने आई है. गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा औद्योगिक नगरी पीथमपुर में हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही मृत छात्रों के घर कोहराम मच गया.
छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रहे थे छात्र
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत महू-नीमच मार्ग पर महिंद्रा ब्रिज के पास यह हादसा दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ. सेंट फ्रांसिस स्कूल के तीन छात्र दो पहिया वाहन क्रमांक (क्रमांक MP 40 ML 4037) पर सवार होकर स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी.
इस रूप में हुई मृत छात्रों की पहचान
इस हादसे में तीनों छात्रों को मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान प्रियांश रजक, उत्कर्ष आंगन मोक्ष रजक और आयुषी रजक के रूप में हुई. मृतकों में प्रियांश और मोक्ष दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं.
मौत की सूचना मिलते ही घर में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सेक्टर-1 थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी. सूचना मिलते ही मृतकों के घर कोहराम मच गया. परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे.

