एक दुल्हन, 9 दूल्हे! 8 बार शादी कर चुकी लड़की का खेल, 9वां भी हुआ शिकार

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Beed Fake Marriage Scam: “शादी का लड्डू जो खाए वो पछताए…” — यह कहावत अक्सर मजाक में कही जाती है, लेकिन महाराष्ट्र के बीड़ जिले से सामने आई यह घटना इसे डरावनी हकीकत बना देती है. यहां एक युवक ने जिस लड़की के साथ सात जन्मों का रिश्ता जोड़ा, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा धोखा बन गई. शादी के कुछ ही दिनों बाद जो सच सामने आया, उसने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए. दरअसल, जिस दुल्हन को वह अपनी जिंदगी की शुरुआत मान रहा था, वह पहले ही 8 लोगों को इसी तरह ठग चुकी थी. यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित ठगी का हिस्सा था, जिसमें ‘लुटेरी दुल्हन’ और एजेंटों का पूरा गैंग सक्रिय था.

एजेंटों का जाल, दूल्हा बना शिकार

यह पूरा मामला बीड़ जिले की गेवराई तहसील के उमापुर इलाके का है. यहां एक युवक शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहा था. तभी कुछ एजेंटों ने उससे संपर्क किया और एक लड़की का रिश्ता दिखाया. लड़की की गरीबी और मजबूरी का हवाला देकर युवक से लाखों रुपये लिए गए. शादी पूरी धूमधाम से हुई. रस्में निभीं, दुल्हन विदा होकर घर आई, लेकिन यह खुशियां ज्यादा दिन टिक नहीं सकीं.

गहने और पैसे लेकर रफूचक्कर हुई ‘महारानी’

शादी के कुछ दिन बीतते ही दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई. सिर्फ दुल्हन ही नहीं गई, बल्कि वह घर में रखे लाखों रुपये और कीमती जेवर भी साथ ले उड़ी. जब दूल्हे और उसके परिवार ने पड़ताल शुरू की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जांच में सामने आया कि यह उस लड़की की नौवीं शादी थी. वह इससे पहले 8 अलग-अलग लोगों को अपना शिकार बना चुकी थी और हर बार यही तरीका अपनाकर फरार हो जाती थी.

ग्रामीण युवाओं को बनाते हैं निशाना

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह खास तौर पर ग्रामीण इलाकों के युवाओं को निशाना बनाता है. जिन युवकों को शादी के लिए रिश्ता नहीं मिल पाता, उन्हें एजेंट फंसाते हैं. लड़की की गरीबी का हवाला देकर मोटी रकम वसूली जाती है और फिर शादी के कुछ दिन बाद ‘दुल्हन’ सब कुछ लेकर फरार हो जाती है.

पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

धोखाधड़ी का शिकार हुए युवक ने बीड़ के पुलिस अधीक्षक और चकलांबा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित का कहना है कि उसे पूरी तरह अंधेरे में रखकर यह शादी कराई गई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे गैंग की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

बढ़ता जा रहा ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का खतरा

यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति के साथ हुई ठगी नहीं, बल्कि एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है. ‘दुल्हन एक, दूल्हे कई’ के इस खेल ने कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर दी है. ऐसे मामलों में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है. शादी जैसे बड़े फैसले में पूरी जांच-पड़ताल और सत्यापन बेहद जरूरी है, वरना खुशी का मौका जिंदगी की सबसे बड़ी ठगी में बदल सकता है.

यह भी पढ़े: भुवनेश्वर में हादसाः अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, जिंदा जले दो केयरटेकर, कई घायल

More Articles Like This

Exit mobile version