Krishna Janmashtami 2026: देशभर में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हर वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है. इस बार जन्माष्टमी का पर्व बेहद खास संयोग के साथ मनाया जाएगा. कहा जा रहा है कि इस बार 15 साल बाद कृष्ण जन्माष्टमी पर दुर्लभ संयोग बन रहा है.
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 4 सितंबर को रात 2 बजकर 25 मिनट पर शुरू होगी और 5 सितंबर को रात 12 बजकर 13 मिनट तक रहने वाली है. ऐसे में उदयातिथि को मानते हुए मथुरा-वृंदावन समेत पूरे भारत में 4 सितंबर यानी दिन शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा. वहीं इस दिन रोहिणी नक्षत्र रात 11 बजकर 04 मिनट तक है.
गृहस्थ और वैष्णव परंपरा में जन्माष्टमी की तारीख में अंतर
जन्माष्टमी की तिथि को लेकर कई बार लोगों में भ्रम रहता है. इसका कारण अलग-अलग धार्मिक परंपराओं में व्रत निर्धारण की पद्धति है. स्मार्त परंपरा में गृहस्थ लोग सामान्यतः निशीथ काल में पड़ने वाली अष्टमी तिथि को प्राथमिकता देते हैं. इनकी परंपरा में यह तिथि सप्तमी और अष्टमी तिथि के संयोग से तय होती है.
वहीं वैष्णव परंपरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र और अन्य पंचांग नियमों को ध्यान में रखकर व्रत का निर्धारण किया जाता है. ये कभी सप्तमी युक्त तिथि में जन्माष्टमी का पर्व नहीं मनाते हैं. इसलिए अलग-अलग परंपराओं में तारीख का अंतर दिखाई दे सकता है.
निशीथ पूजा का समय
हालांकि मथुरा-वृंदावन में 4 सितंबर को मुख्य कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा. मथुरा के पंचांग के अनुसार, 4 सितंबर की रात करीब 11:56 बजे से 5 सितंबर की रात 12:41 बजे तक निशीथ पूजा का समय रहेगा. इसी दौरान भगवान का अभिषेक, पूजन, आरती और जन्मोत्सव किया जाएगा.
15 साल बाद दुर्लभ संयोग
4 सितंबर को मथुरा-वृंदावन समेत पूरे ब्रज में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा. इस बार 15 साल बाद श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में मनाया जाएगा. द्वापर युग में श्रीकृष्ण का जन्म मध्य रात्रि को अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में हुआ था. इस बार जन्माष्टमी पर ऐसा ही दुर्लभ संयोग देखने को मिल रहा है. कई बार जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि तो रहती है लेकिन रोहिणी नक्षत्र का संयोग नहीं बन पाता. लेकिन इस बार दोनों एक ही दिन बन रहे है. यही वजह से इस बार जन्माष्टमी का पर्व विशेष माना जा रहा है.
जन्माष्टमी का महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्यरात्रि में कंस के कारागार में देवकी और वसुदेव के पुत्र के रूप में जन्म लिया था. इसलिए जन्माष्टमी पर भक्त दिनभर व्रत रखते हैं और रात में भगवान के जन्म के समय पूजा-अर्चना कर माखन-मिश्री, फल और पंचामृत का भोग लगाते हैं. माना जाता है कि श्रद्धा और भक्ति से भगवान कृष्ण की पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना पूरी होती है.
रोहिणी नक्षत्र क्यों है खास?
श्रीकृष्ण के जन्म से रोहिणी नक्षत्र का विशेष संबंध माना जाता है. मान्यता है कि भगवान का जन्म अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के संयोग में हुआ था. इसीलिए जन्माष्टमी पर रोहिणी नक्षत्र का संयोग पर्व की धार्मिक महत्ता को और बढ़ा देता है. साल 2026 में 4 सितंबर को रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है. 4 सितंबर को रात 12 बजकर 29 मिनट से रोहिणी नक्षत्र की शुरुआत हो रही है और रात 11 बजकर 4 मिनट तक रहेगी.