AI Impact Summit 2026: ‘एआई फॉर ऑल’ से मिलेगा समावेशी विकास, इंडस्ट्री लीडर्स ने पीएम मोदी के विजन को सराहा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

AI for All Vision: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एआई फॉर ऑल’ विजन से समावेशी विकास को नई गति मिलेगी. यह बात इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के चौथे दिन इंडस्ट्री लीडर्स ने कही. समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बुल इंडिया के प्रमुख अरविंद बजाज ने कहा कि एआई को लेकर प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण बिल्कुल सटीक है. जहां दुनिया ‘एक्सक्लूसिव एआई’ की बात कर रही है, वहीं भारत ‘एआई फॉर ऑल’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो व्यापक और समान विकास सुनिश्चित करेगा. जेडवाईपीएल होल्डिंग्स के नजारी मसरूर ने भी कहा कि पीएम मोदी का एआई को लेकर विजन स्पष्ट और दूरदर्शी है.

ग्लोबल साउथ में भारत की अग्रणी भूमिका

उनका मानना है कि वैश्विक दक्षिण को एआई के विकास में अग्रणी बनाना है. हम ताजिकिस्तान प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए निर्णयों का समर्थन हो. रामलक्ष्मण ग्रुप के राम लक्ष्मण प्रसाद रिमल ने कहा कि पूरी दुनिया में एआई का विकास तेजी से हो रहा है और ग्लोबल साउथ में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत में एआई सिस्टम के डेटा को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना जरूरी है और इसी वजह से समिट में भाग लेना उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. फिलिप्स के सीईओ रॉय जैकब्स ने भी कहा कि एआई दुनिया में बड़े बदलाव की क्षमता रखता है.

स्वास्थ्य सेवा में AI की बड़ी भूमिका

जैकब्स ने कहा कि एआई स्वास्थ्य सेवाओं को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने का एक शक्तिशाली माध्यम बन सकता है. एआई के मार्गदर्शन में आम लोग भी कई तरीकों से स्वास्थ्य सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर उन्होंने ‘ल्यूमिफाई’ नामक हैंडहेल्ड अल्ट्रासाउंड डिवाइस का जिक्र किया, जिसे आम लोग भी इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि इसमें जांच के हर चरण में एआई का मार्गदर्शन मिलता है. फ्रांस में कैपजेमिनी के डेटा और एआई के वरिष्ठ सलाहकार रोमेन खलीफा ने कहा कि यह समिट विभिन्न कंपनियों के विशेषज्ञों से मिलने और अलग-अलग संस्कृतियों को समझने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है.

भारत के लिए अवसरों का वैश्विक मंच

नई दिल्ली स्थित इटली दूतावास के आर्थिक एवं इनोवेशन विभाग की प्रमुख अन्ना रफिनो ने कहा कि एआई शिखर सम्मेलन में इटली की कई कंपनियां भी भाग ले रही हैं. उनके अनुसार, भारत के लिए यह जरूरी है कि वह इस क्षेत्र में मौजूद अवसरों और अपनी क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करे. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य का प्रमुख क्षेत्र है और इसमें आगे भी व्यापक काम और निवेश की संभावनाएं मौजूद हैं.

Latest News

PM मोदी और UAE के क्राउन प्रिंस की मुलाकात, AI सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर हुई बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच...

More Articles Like This

Exit mobile version