Onion Price: रोजाना खाने में इस्तेमाल होने वाली प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है. आमतौर पर 25 से 35 रुपये किलो के आसपास मिलने वाली प्याज इस समय 55 से 65 रुपये किलो तक बिक रही है. ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. सरकार अब बफर स्टॉक में रखी प्याज को कम कीमत पर लोगों तक पहुंचाने जा रही है.
35 रुपये किलो मिलेगी प्याज
महाराष्ट्र के नासिक से करीब 800 टन प्याज लेकर कांदा एक्सप्रेस आज दिल्ली पहुंचेगी. इसके दिल्ली पहुंचने के बाद इस प्याज को आम लोगों के लिए 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा. हालांकि, सस्ती प्याज सामान्य निजी दुकानों पर उपलब्ध नहीं होगी. सरकार की ओर से इसे तय किए गए अधिकृत आउटलेट्स के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा. ऐसे में अगर आप भी 35 रुपये किलो वाली प्याज खरीदना चाहते हैं, तो आपको सरकारी आउटलेट्स का रुख करना होगा.
कहां मिलेगी 35 रुपये किलो वाली प्याज?
सरकार की ओर से कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाने वाली प्याज केवल अधिकृत आउटलेट्स पर ही मिलेगी. इसमें मुख्य रूप से ये स्थान शामिल हैं:
- नेफेड (NAFED)
- एनसीसीएफ (NCCF)
- केंद्रीय भंडार
इन सरकारी आउटलेट्स पर जाकर लोग 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज खरीद सकेंगे.
मोबाइल वैन के जरिए भी होगी बिक्री
सस्ती प्याज लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए इसे सिर्फ सरकारी दुकानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा. आसपास की कॉलोनियों और मेट्रो स्टेशनों के पास भी प्याज उपलब्ध कराई जाएगी. इन स्थानों पर नेफेड और एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री की जाएगी. यानी दिल्ली-NCR में रहने वाले लोग अपने आसपास मौजूद सरकारी आउटलेट या मोबाइल वैन से कम कीमत पर प्याज खरीद सकते हैं.
तय सीमा तक ही खरीद सकेंगे प्याज
सस्ती प्याज की कालाबाजारी को रोकने के लिए खरीद की सीमा भी लागू की जा सकती है. इसके तहत एक व्यक्ति को करीब 2 से 5 किलो तक प्याज खरीदने की अनुमति हो सकती है. हालांकि, यह सीमा अलग-अलग आउटलेट्स के हिसाब से अलग हो सकती है. इसलिए ज्यादा मात्रा में प्याज खरीदने के बजाय लोगों को संबंधित सरकारी आउटलेट पर लागू खरीद सीमा के अनुसार ही प्याज लेने की सुविधा मिलेगी.
सस्ती प्याज खरीदने के लिए ID जरूरी है?
अगर आप 35 रुपये किलो वाली प्याज खरीदने के लिए सरकारी आउटलेट या मोबाइल वैन पर जा रहे हैं, तो आपको किसी खास ID की जरूरत नहीं होगी. लोग इन स्टोर या मोबाइल वैन पर जाकर पैसे देकर प्याज खरीद सकेंगे. ऐसे में बढ़ती प्याज की कीमतों के बीच दिल्ली-NCR के लोगों को सरकार के बफर स्टॉक से कम कीमत पर प्याज खरीदने का विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़े: Weather In Up: प्रदेश में मानसून सक्रिय, इन 28 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट