गाजियाबाद में घर खरीदने का सुनहरा मौका! 17% तक सस्ते हुए दाम, नोएडा-दिल्ली में क्या है हाल?

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Delhi-NCR Property Price: दिल्ली-NCR में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए प्रॉपर्टी मार्केट से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो बजट के लिहाज से राहत दे सकती है. दिल्ली-NCR के ज्यादातर प्रमुख शहरों में घरों की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन गाजियाबाद में तस्वीर बिल्कुल उलट है. कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद में घरों की कीमत सालाना आधार पर 17% घटकर 9,210 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट रह गई है.

गाजियाबाद में क्यों सस्ते हुए घर?

दिल्ली-NCR में प्रॉपर्टी की कीमतों में लगातार तेजी के बीच गाजियाबाद में आई गिरावट सामान्य रुझान से अलग है. कोटक की रिपोर्ट में आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए बताया गया है कि गाजियाबाद घर खरीदारों के लिए अपेक्षाकृत सस्ता विकल्प बन सकता है. शहर में बड़ी मात्रा में बिना बिके मकानों का स्टॉक भी कीमतों पर दबाव बना रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद में करीब 31.1 मिलियन स्क्वॉयर फीट की अनसोल्ड इन्वेंट्री मौजूद है. इसमें 11.9 मिलियन स्क्वॉयर फीट का स्टॉक ऐसे प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है, जो रुके हुए हैं.

सस्ते घरों की बिक्री में आया सुधार

गाजियाबाद में कीमतों में गिरावट का असर मिड-सेगमेंट और किफायती घरों की बिक्री पर भी देखने को मिला है. रिपोर्ट के अनुसार, इस सेगमेंट में बिक्री में तेजी से सुधार हुआ है. दिल्ली-NCR क्षेत्र में कुल बिक्री में गाजियाबाद की हिस्सेदारी 15% रही है. ऐसे में त्योहारी सीजन में कम बजट में घर तलाशने वाले खरीदारों के लिए यह शहर एक विकल्प बन सकता है.

गुरुग्राम में 6% बढ़े घरों के दाम

गाजियाबाद के उलट गुरुग्राम में घरों की कीमतों में सालाना आधार पर 6% की बढ़ोतरी हुई है. यहां कीमत बढ़कर 21,538 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट हो गई है. वहीं, ग्रेटर नोएडा में भी प्रॉपर्टी के दाम तेजी से बढ़े हैं. यहां सालाना आधार पर 18% की बढ़ोतरी के बाद कीमत 12,826 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट तक पहुंच गई है.

फरीदाबाद में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

दिल्ली-NCR के जिन शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेजी आई है, उनमें फरीदाबाद में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यहां घरों की कीमत सालाना आधार पर 264% बढ़कर 11,242 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट हो गई है. इस तरह गाजियाबाद में जहां कीमतों में गिरावट देखने को मिली है, वहीं फरीदाबाद, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में घर महंगे हुए हैं.

नोएडा में लग्जरी घरों की मांग

नोएडा में 3BHK और 4BHK जैसी बड़ी कॉन्फिगरेशन वाले घरों के साथ वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से जुड़े लग्जरी प्रोजेक्ट्स की मांग बनी हुई है. दूसरी तरफ दिल्ली-NCR में नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग कम होने और मांग-सप्लाई के बीच अंतर बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR में घरों की बिक्री की मात्रा सालाना आधार पर 27% घटकर 23.5 मिलियन स्क्वॉयर फीट रह गई. वहीं नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग में 45% की गिरावट आई और यह 21.2 मिलियन स्क्वॉयर फीट रह गई.

यह भी पढ़े: जयशंकर की रूस यात्रा: पुतिन को सौंपा PM मोदी का संदेश, लावरोव से लंबी वार्ता

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version