LPG Price Today: घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर, कमर्शियल LPG में भी नहीं हुआ बदलाव, जानें अपने शहर का ताजा रेट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

LPG Price Today: 22 सितंबर 2026 को देश में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आखिरी बार जून में बढ़ाए गए थे. इसके बाद लगातार तीन महीनों से कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बदलाव 1 सितंबर 2026 को हुआ था, जब सरकारी तेल कंपनियों ने प्रति सिलेंडर 9.50 रुपये की मामूली बढ़ोतरी की थी. ऐसे में अगर आप आज एलपीजी सिलेंडर बुक कराने की तैयारी कर रहे हैं, तो अपने शहर के ताजा रेट जान लेना जरूरी है. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई समेत कई प्रमुख शहरों में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें अलग-अलग हैं.

जून में बढ़े थे घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम

जून 2026 में ईरान-अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंचने के दौरान सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दो बार बढ़ोतरी की थी. सबसे पहले 1 जून को कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 42 से 53 रुपये तक की वृद्धि की गई थी. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113 रुपये हो गई थी. यह इसका अब तक का सबसे महंगा रेट बताया गया है.

हालांकि, मौजूदा समय में दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,747.50 रुपये है. इस तरह जून में दर्ज किए गए उच्चतम स्तर के मुकाबले इसकी कीमत 365.50 रुपये कम है. कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने के छह दिन बाद, यानी 7 जून 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 29 रुपये की सीधी बढ़ोतरी की गई थी. इसके बाद घरेलू सिलेंडर का भाव 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गया था.

LPG Price Today: अपने शहर में चेक करें घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के रेट

शहर घरेलू सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) कमर्शियल सिलेंडर (19 किलोग्राम)
दिल्ली ₹942 ₹2,747.50
मुंबई ₹941.50 ₹2,701
कोलकाता ₹968 ₹2,884
बेंगलुरु ₹944.50 ₹2,831
हैदराबाद ₹994 ₹2,996
चेन्नई ₹957.50 ₹2,916.50
जयपुर ₹945.50 ₹2,776
बीकानेर ₹953.50 ₹2,798.50
रांची ₹1,010.50 ₹2,925.50

गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बदलाव

एलपीजी सप्लाई की स्थिति में सुधार के बाद सरकार ने गैस सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है. नए नियम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में दो सिलेंडरों की डिलीवरी के बीच का अंतराल बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. इससे पहले यह अवधि 45 दिन थी. वहीं, शहरी क्षेत्रों में दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल पहले से लागू है. इस तरह ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग की अवधि अब शहरी क्षेत्रों के बराबर कर दी गई है. सरकार के निर्देश के बाद इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने इन बदलावों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version