Plastic Currency in India: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही देश में प्लास्टिक यानी पॉलिमर करेंसी का ट्रायल शुरू करने जा रहा है. इसके लिए 10 रुपये और 20 रुपये के नोटों को चुना गया है. सबसे पहले इन्हीं दोनों मूल्यवर्ग के नोटों को पॉलिमर सामग्री में तैयार कर बाजार में ट्रायल के तौर पर जारी किया जाएगा. केंद्र सरकार ने RBI के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसके बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्लास्टिक नोट आने के बाद कागजी नोटों का चलन बंद हो जाएगा? सरकार ने अब इस पर स्पष्ट जवाब दे दिया है.
संसद में सरकार ने दी पूरी जानकारी
संसद के मानसून सत्र में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार इस योजना की पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया है कि ट्रायल के दौरान 10 रुपये के 100 करोड़ और 20 रुपये के 100 करोड़ पॉलिमर नोट जारी किए जाएंगे. इसका मतलब है कि कुल 200 करोड़ प्लास्टिक नोट बाजार में लाए जाएंगे. लेकिन इसके बाद पहले से चल रहे कागजी नोटों का क्या होगा, यह भी संसद में साफ कर दिया गया.
बंद होंगे कागजी नोट?
इस सवाल का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने साफ किया कि पॉलिमर नोट आने का मतलब कागज के नोटों को बंद करना नहीं है. RBI के अनुसार, प्लास्टिक नोटों को कागज के नोटों के साथ ही चलाया जाएगा. इसका मतलब है कि फिलहाल कागज की करेंसी को पॉलिमर नोटों से बदलने की कोई योजना नहीं है. दोनों तरह के नोट बाजार में वैध रहेंगे और आम लोग दोनों का इस्तेमाल कर सकेंगे.
क्यों खास हैं पॉलिमर नोट?
पॉलिमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ माने जाते हैं. ये पानी और नमी से कम प्रभावित होते हैं, जल्दी फटते नहीं हैं और इनकी उम्र भी ज्यादा होती है. साथ ही इनमें आधुनिक सुरक्षा फीचर शामिल किए जा सकते हैं, जिससे नकली नोटों पर लगाम लगाने में मदद मिलती है. यही वजह है कि दुनिया के कई देशों में पहले से पॉलिमर करेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा है.
सफल रहा ट्रायल तो छपेंगे और भी नोट
RBI ने अपने केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के बाद इन नोटों के ट्रायल का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था. इसमें कहा गया था कि अगर ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले समय में दोनों मूल्य के पॉलिमर नोटों को नियमित रूप से जारी किया जा सकता है. यदि 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोटों का ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों को भी पॉलिमर सामग्री में जारी करने पर फैसला लिया जा सकता है. हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय ट्रायल के नतीजों के बाद ही लिया जाएगा.
यह भी पढ़े: कल बदल सकते हैं LPG के दाम! जानिए आज दिल्ली, मुंबई, पटना समेत सभी बड़े शहरों का रेट