Sensex opening bell: कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला. कारोबार की शुरुआत में निफ्टी 50 22.55 अंकों यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,343.45 पर खुला.
वहीं बीएसई सेंसेक्स 100 अंकों से अधिक टूटकर 77,892.92 के स्तर पर खुला, जो पिछले बंद स्तर से लगभग 0.15 प्रतिशत कम था. व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 0.36 प्रतिशत और 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए.
दबाव में दिखे इन कंपनियों के शेयर
सेक्टरवार देखें तो, बाजार में सबसे अधिक कमजोरी निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में रही, जो 0.98 प्रतिशत तक फिसल गया. इसके अलावा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी एफएमसीजी में भी 0.9 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई. रियल्टी, सीमेंट, आईटी, ऊर्जा और निजी बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली का दबाव देखा गया.
हालांकि कुछ सेक्टरों में खरीदारी भी देखने को मिली. निफ्टी केमिकल्स इंडेक्स में 0.48 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स लगभग 0.45 प्रतिशत मजबूत हुआ.
निफ्टी50 इंडेक्स में एचसीएलटेक, इंफोसिस, टीएमपीवी, टीसीएस, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और विप्रो के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि इसके विपरीत, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को, मैक्स हेल्थ, ओएनजीसी, आयशर मोटर्स और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ ट्रेड करते हुए नजर आए.

