Sensex opening bell: अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 74,649.84 से 142.11 अंक गिरकर 74,507.73 पर खुला तो वहीं एनएसई निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,483.55 से 67.6 अंक गिरकर 23,415.95 पर खुला.
सेंसेक्स 782.10 अंकों यानी 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,867.74 पर था, जबकि निफ्टी50 205.05 अंक यानी 0.87 प्रतिशत गिरकर 23,278.50 पर पहुंच गया. व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.85 प्रतिशत और 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे.
निफ्टी आईटी का सबसे खराब प्रदर्शन
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा, जिसमें 3.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. साथ ही निफ्टी रियल्टी में 1.91 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया में 1.20 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.97 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी में 0.98 प्रतिशत और निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.98 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. वहीं, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल ने सबसे कम नुकसान के साथ बेहतर प्रदर्शन किया.
इन शेयरों में आई तेजी
शुरुआती कारोबार में, निफ्टी पैक में टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक के शेयरों में 4.3 प्रतिशत से 3.1 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली. वहीं आईटीसी और इटरनल के शेयर भी खराब प्रदर्शन करते नजर आए. जबकि, इसके विपरीत, ओएनजीसी, अपोलो हॉस्पिटल, बजाज-ऑटो, मारुति, नेस्ले इंडिया और टाटा कंज्यूमर के शेयरों में तेजी दर्ज की गई.
इस बीच, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे कमजोर होकर 95.47 पर खुला. मंगलवार को यह 95.27 डॉलर प्रति डॉलर पर बंद हुआ. घरेलू मोर्चे पर, निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जो बुधवार से शुरू हो रही है और शुक्रवार तक चलेगी.