Zepto Warehouse Seal: डिजिटल सुविधाओं ने रोजमर्रा की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है. अब लोगों को घर का सामान, खाने-पीने की चीजें और दूसरी जरूरत की वस्तुएं खरीदने के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ती. लोग कुछ ही मिनटों में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए सामान ऑर्डर कर लेते हैं और कुछ समय बाद उनकी डिलीवरी घर तक पहुंच जाती है. लेकिन जब बात खाने-पीने की चीजों की हो, तो उनकी साफ-सफाई, सही रखरखाव और क्वालिटी का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है.
अगर स्टोरेज या हैंडलिंग में लापरवाही बरती जाए, तो इसका सीधा असर उपभोक्ताओं की सेहत पर पड़ सकता है. इसी तरह के एक मामले में क्विक-कॉमर्स कंपनी Zepto के एक वेयरहाउस पर फूड सेफ्टी टीम ने कार्रवाई की है. यह मामला कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे तालुक में स्थित Zepto के निप्पॉन एक्सप्रेस यूनिट से जुड़ा है. यहां अचानक किए गए निरीक्षण के दौरान फूड सेफ्टी टीम को कई तरह की कमियां मिलीं. इसके बाद संबंधित विभाग ने वेयरहाउस को सील कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, फूड सेफ्टी टीम ने Zepto के निप्पॉन एक्सप्रेस यूनिट का अचानक निरीक्षण किया था. इस दौरान वेयरहाउस में खाद्य और अन्य सामान के रखरखाव से जुड़ी कई कमियां सामने आईं. निरीक्षण के दौरान फर्श पर कचरा फैला हुआ मिला. इसके अलावा कुछ प्रोडक्ट्स पर निर्धारित नियमों के अनुसार लेबलिंग नहीं की गई थी.
जांच में कई सामान पर गलत ब्रांडिंग की बात भी सामने आई. वहीं, खाने-पीने की चीजों को भी उचित तरीके से स्टोर नहीं किया गया था. फूड सेफ्टी टीम को वेयरहाउस में साफ-सफाई और खाद्य उत्पादों के रखरखाव से जुड़ी इन कमियों को गंभीरता से लेना पड़ा. इसके बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की गई.
फूड सेफ्टी टीम ने लिया बड़ा एक्शन
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही मिलने के बाद कर्नाटक के Food Safety and Drug Administration Department ने Zepto के इस वेयरहाउस को सील कर दिया. इसके साथ ही साफ-सफाई से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के मामले में कंपनी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया.
विभाग की ओर से Zepto के वेयरहाउस मैनेजमेंट को नोटिस जारी कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी गई. इस कार्रवाई के बाद क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खाने-पीने का सामान मंगाने वाले ग्राहकों के लिए भी यह मामला महत्वपूर्ण हो जाता है. खासकर ऐसे उत्पादों की डिलीवरी लेते समय एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग, सील और सामान की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए.
Zepto से खराब सामान मिले तो क्या करें?
अगर आपने Zepto से खाने-पीने या रोजमर्रा की जरूरत का कोई सामान ऑर्डर किया है और डिलीवरी के बाद उसमें किसी तरह की कमी दिखाई देती है, तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले Zepto ऐप के Help & Support सेक्शन में जाएं. इसके बाद उस प्रोडक्ट को सेलेक्ट करें, जिसमें आपको समस्या मिली है. अगर सामान खराब, एक्सपायर्ड या इस्तेमाल करने लायक नहीं है, तो उसकी साफ फोटो ले लें और शिकायत के साथ फोटो भी अपलोड करें.
अगर ऐप के चैट सपोर्ट के जरिए आपकी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो कंपनी को ईमेल के जरिए भी शिकायत की जा सकती है. इसके बावजूद अगर समस्या का समाधान नहीं होता, तो उपभोक्ता अपनी शिकायत के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 पर संपर्क कर सकते हैं.