जमशेदपुरः झारखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. यहां जमशेदपुर में नदी किनारे भारी भरकम मिसाइल मिलने से सनसनी फैल गई. जब पुलिस ने जांच की, तो बम के जिंदा होने की पुष्टि की गई. यह अमेरिकन मिसाइल बताया जा रहा है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. मिसाइल को डिफ्यूज़ करने की तैयारी की जा रही है.
बालू की खुदाई के दौरान मिला दिखा बम
जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी किनारे बालू की खुदाई के दौरान एक विशाल जिंदा बम दिखा, यह घटना पानीपड़ा नागुड़साई गांव के पास की है. जहां ग्रामीण नदी किनारे बालू निकाल रहे थे. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से लोहे का भारी गोलाकार वस्तु बाहर निकली, जिसे देखकर लोगों में सनसनी फैल गई और लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर सुरक्षित कर दिया गया. प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि यह कोई साधारण वस्तु नहीं, बल्कि लगभग 500 पाउंड (करीब 227 से 250 किलोग्राम) वजनी अमेरिकी मिसाइल बम है, जो अभी भी जिंदा अवस्था में है. बम का आकार गैस सिलेंडर जैसा बताया जा रहा है और उस पर ‘AN-M64’ मॉडल नंबर तथा ‘मेड इन अमेरिका’ अंकित है. इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. मिसाइल को डिफ्यूज़ करने की तैयारी की जा रही है.

