दिल्ली में हादसाः यमुना नदी में डूबे चार बच्चे, तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Children Drown Yamuna: बाहरी दिल्ली से दुखद खबर सामने आई है. यहां अलीपुर थाना इलाके में स्थित यमुना नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए. बच्चों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

पुलिस ने बताया कि रविवार की शाम 7:45 बजे पुलिस स्टेशन अलीपुर में यमुना नदी में बच्चों के डूबने की सूचना डीडी नंबर 65ए के तहत मिली. डीडी एंट्री की सूचना एसआई प्रियंका को सौंपी गई, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं.

नहाने के दौरान नदी में डूबे बच्चे

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पांच नाबालिग लड़के ठोकर नंबर 24 पर यमुना नदी में स्नान करने गए थे. स्नान के दौरान, राहुल, अंशु, सौरभ और अमनदीप नाम के चार लड़के कथित तौर पर नदी में डूब गए. पांचवां लड़का, संतोष का पुत्र लकी, जिसकी उम्र लगभग 14 वर्ष थी, जो बाहर ही रहा, उसने घटना का शोर मचाया.

बच्चे की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोग

उसकी आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. हालांकि, जब तक वे लोग वहां पहुंचे, चारों लड़के नदी की तेज धारा में बह कर गायब हो चुके थे.

बच्चों की तलाश में बचाव अभियान जारी

पुलिस के मुताबिक, डूबे हुए बच्चों की पहचान राहुल, अंशु, सौरव और अमनदीप के रूप में हुई है. चारों इब्राहिमपुर के रहने वाले बताए जाते हैं. एक अधिकारी ने बताया कि एनडीआरएफ, डीडीएमए, अग्निशमन विभाग और संबंधित एसडीएम को सूचित कर दिया गया है और घटनास्थल पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है.

स्थानीय पुलिस अधिकारी बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और लापता बच्चों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. शवों की बरामदगी होने पर, बीएनएसएस के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जांच कार्यवाही सहित आगे की कार्यवाही की जाएगी. उधर, इस घटना से बच्चों के घर कोहराम मचा हुआ है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version