Punjab: पंजाब के अमृतसर में बदमाशों ने दिनदहाड़े ASI की गोली मारकर हत्या कर दी. इस बड़ी और दिल दहला देने वाली वारदात से हड़कंप मच गया है. इस घटना ने राज्य के कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना को लेकर लोगों में डर और गुस्से का माहौल है. करीब 58 वर्षीय ASI जोगा सिंह गांव घनीये के रहने वाले थे और अमृतसर पुलिस में सेवाएं निभा रहे थे.
ड्यूटी के लिए घर से निकले थे ASI
जानकारी के मुताबिक वह रोज की तरह रविवार को भी सुबह करीब 5 बजे ड्यूटी के लिए अपने घर से निकले थे. जैसे ही वे मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर हमजा मोड़ पर पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने चार गोलियां चलाईं जो सीधे जोगा सिंह को लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घेराबंदी कर जांच शुरू
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. जानकारी मिलते ही मजीठा पुलिस और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी करके जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक और टेक्निकल टीमें मौके से सबूत इकट्ठा कर रही हैं. पुलिस ने आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. मृतक के परिवार और गांव वालों ने बताया कि जोगा सिंह की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी.
कनाडा में रहते हैं बेटा और बेटी
परिवार का कहना है कि न तो कोई लूटपाट हुई और न ही हमलावर कोई सामान ले गए. उनका पर्स, मोबाइल और दूसरा सामान मौके पर पड़ा मिला. परिवार ने इसे सोची-समझी साजिश बताया है और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है. पत्नी के अलावा जोगा सिंह के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो दोनों कनाडा में रहते हैं और शादीशुदा हैं.
आम लोगों की सुरक्षा कैसे पक्की होगी
लोगों का कहना है कि अगर पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे पक्की होगी. मजीठा में 26 मई को नगर परिषद के चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले हुई इस बड़ी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से अच्छी तरह जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें. बलूचिस्तानः सुसाइड बम धमाके से उड़ाई ट्रेन, कई डिब्बे बे-पटरी, लगी आग, 30 लोगों की मौत