Jagdalpur: छत्तीसगढ़ पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है. उसने नक्सलियों के ब्रेन (दिमाग) कहे जाने वाले गणपति को नेपाल से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की इस बड़ी उपलब्धि से नक्सलियों को काफी बड़ा झटका लगा है. इसके अलावा नक्सलियों की एक और टीम पुलिस के सामने हथियार डाल सकती है.
मालूम हो कि दुर्दांत नक्सली और नक्सलियों का ब्रेन कहा जाने वाला गणपति नेपाल से गिरफ्तार किया गया है. गणपति पोलित ब्यूरो मेंबर होने के साथ ही 2004 से 2018 तक सेंट्रल कमेटी का सचिव था, गणपति के अचानक से गिरफ्तार होने से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है. पुलिस जवानों के ऊपर होने वाले कई हमलों में गणपति का नाम हमेशा सामने आया है. लंबे समय से पुलिस गणपति की तलाश में जुटी थी, जिसके लिए अलग-अलग टीमों को लगाने के साथ ही उसकी जांच की जा रही थी, ऐसे में गणपति की गिरफ्तारी नक्सलियों की टीम को बड़ा झटका देने वाली है.
15 नक्सली डाल सकते हैं हथियार
लगातार नक्सलियों के बड़े लीडर द्वारा समर्पण किए जाने से अन्य नक्सलियों का भी हौसला पस्त हो रहा है, जिसके कारण कुछ और नक्सली आत्मसमर्पण कर सकते हैं. इनमें पूर्वी बस्तर डिवीजन कमेटी के सदस्य डीवीसीएम स्तर के नक्सली शामिल हैं, जो अपने साथ हथियार लेकर पहुंच सकते हैं. इस आत्मसमर्पण को लेकर एक-दो दिन में पुलिस जानकारी दे सकती है.

