डोंबिवली बॉयलर ब्लास्ट: अब तक 10 लोगों की मौत, घायलों का इलाज जारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Dombivli Boiler Blast: बीते गुरुवार दोपहर महाराष्ट्र के डोंबिवली की फैक्ट्री में बॉयलर फटने की घटना हुई थी. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हैं. घटना एमआईडीसी इलाके में स्थित एक फैक्ट्री की है. इस मामले में पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है.

घटना के वक्त के कुछ सीसीटीवी वीडियो आए सामने
हादसे के दूसरे दिन घटना के वक्त के कुछ सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं. इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बॉयलर फटने के दौरान कैसे लोगों में हड़कंप मच गया.

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की घोषणा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार दोपहर 1.40 बजे अमुदान कैमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से विस्फोट हुआ था. अब तक घटनास्थल से 10 शव बरामद किए गए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा भी की है. सीएम ने डोंबिवली बॉयलर विस्फोट मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

जारी है कूलिंग ऑपरेशन
कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के अग्निशमन अधिकारी दत्तात्रेय शेल्के ने बताया कि फैक्ट्री के ठीक बगल में एक पेंट कंपनी है. वहां अभी भी थोड़ी आग लगी है. पेंट कंपनी के साथ-साथ घटनास्थल में भी कूलिंग ऑपरेशन जारी है. शुक्रवार की सुबह तीन और शव बरामद किए गए. अब मरने वालों की संख्या 10 हो गई है. मामले में एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट सारंग कुर्वे ने बताया कि आग नियंत्रण में है. फिलहाल, यहां स्थिति सामान्य है. खोज और बचाव अभियान चल रहा है.

दूर तक सुनाई दी थी विस्फोट की आवाज
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी. विस्फोट के कारण आसपास की इमारतों की कांच की खिड़कियों में दरारें आ गईं थीं. कई घर भी क्षतिग्रस्त हो गए है. आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी यासीन ताडवी ने बताया था कि दोपहर करीब 1.40 बजे धमाके की आवाज सुनाई दी. विस्फोट के बाद आसपास की तीन फैक्टरियों में भी आग फैल गई थी.

आठ लोग निलंबितः देवेंद्र फड़णवीस
मुख्यमंत्री सीएम शिंदे के साथ ही महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर जानकारी दी थी कि मामले में आठ लोगों को निलंबित किया गया है. फड़णवीस ने लिखा था कि एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर बुलाया गया है. राहत और बचाव का काम लगातार जारी है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version