Fatehpurः महिला PRD जवान से वसूली करना दो कांस्टेबलों को पड़ा महंगा, गिरी निलंबन की गाज

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Fatehpur Crime: फतेहपुर जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र से पैसे की वसूली, हत्या में फंसाने की धमकी और शिकायत वापस लेने का दबाव जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने सख्त कदम उठाया. उन्होंने कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल मंगला प्रसाद यादव को निलंबित कर दिया है.

युवक की संदिग्ध मौत मामले में 20 हजार वसूली का आरोप

इस मामले की शुरुआत एक युवक की संदिग्ध मौत से जुड़ी बताई जा रही है. ऐसा आरोप है कि चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इस संदिग्ध मौत के मामले में पति को हत्या के केस में फंसाने की धमकी दी और उसकी पत्नी से 20 हजार रुपये की वसूली की. पीड़िता का कहना है कि रुपये देने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने और पैसे की मांग की तथा जेल भेजने की धमकी दी.

पीड़ित पक्ष ने एडीजी प्रयागराज से की शिकायत

पीड़ित पक्ष द्वारा इस संबंध में एडीजी प्रयागराज से शिकायत की गई, जिसके बाद मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई. इसी बीच लेन-देन और धमकी से जुड़े ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिससे मामले की गंभीरता और भी बढ़ गई.

पैसा मांगने और समझौते की बात का वायरल हुआ ऑडियो

वायरल ऑडियो में पैसों की मांग और समझौते की बातचीत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया.

पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया

इस मामले में पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी प्रेस नोट में बताया कि महिला PRD जवान से वसूली से जुड़ा मामला संज्ञान में आया है. प्रकरण से संबंधित ऑडियो वायरल होने के बाद तत्काल जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए गए.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आरोपित कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल मंगला प्रसाद यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं.

(रिपोर्ट, यश द्विवेदी)

More Articles Like This

Exit mobile version