Kupwara Accident: जम्मू-कश्मीर से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई हैं. यहां कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके में सोमवार को हुए सड़क हादसे में जहां पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं छह अन्य घायल हो गए. यह दुर्घटना टीटवाल-सिमरी मार्ग पर सिमरी इलाके में हुई.
बताया गया है कि यात्रियों से भरी एक सूमो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. जानकारी होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला.
सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पहले उप-जिला अस्पताल तंगधार पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी हंदवाड़ा रेफर कर दिया.
यहां पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों और घायल लोगों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान में जुट गई. हादसे के कारणों की जांच पुलिस और संबंधित अधिकारी कर रहे हैं.

