रायसेन जेल में वारदातः कैदी ने कट्टे से प्रहरी को मारी गोली, हालत गंभीर, सुपरिटेंडेंट सस्पेंड

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Raisen Jail Firing: मध्य प्रदेश से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां अन्य जगहों की कौन कहे, जेल के अंदर सनसनीखेज वारदात हुई है. बुधवार की रायसेन जिला जेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब हत्या के मामले में बंद एक कैदी ने भागने की कोशिश के दौरान जेल प्रहरी को गोली मार दी. घायलावस्था में प्रहरी को अस्पताल ले जाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

कैदी ने प्रहरी को मारी दो गोली

बताया गया है कि आरोपित नीलेश ठाकुर ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर पर अवैध कट्टे से दो गोलियां चलाईं. एक गोली कंधे के पास और दूसरी पीठ में लगी, जिससे प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया.

यह घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है. जेल में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी घायल प्रहरी को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल स्थित एम्स रेफर कर दिया. घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया हैं. मामले की जांच का जिम्मा आईजी रैंक के अधिकारी को सौंपा गया है.

गेट खोलकर भागने के प्रयास में था कैदी

घायल जेल प्रहरी के अनुसार, बुधवार को जेल परिसर में स्कूली बच्चों का कार्यक्रम होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान कैदी नीलेश ठाकुर को फलों की टोकरी लेने के लिए गेट के पास भेजा गया था. मौका पाकर उसने गेट खोलकर भागने का प्रयास किया. प्रहरी ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपित ने कट्टे से दो फायर कर दिए.

जेल में कहां से आया कट्टा?

नीलेश ठाकुर रायसेन में हुए पूर्व के गोलीकांड का आरोपित है और उसके खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला चल रहा है. वह बरेली तहसील के दिमाड़ा गांव का निवासी बताया गया है. गंभीर अपराध के आरोपित के पास जेल के अंदर अवैध हथियार पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.

घायल प्रहरी एम्स भोपाल रेफर

जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. अभिषेक सागर ने बताया कि गोली फेफड़े के निचले हिस्से तक पहुंची है और फेफड़ों में धीरे-धीरे पानी भर रहा है. गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रहरी को तत्काल एम्स भोपाल रेफर किया गया.

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि जेल में गोली चलने की घटना सामने आई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपित के पास कट्टा कहां से आया.

पुलिस महानिदेशक (जेल) वरुण कपूर ने बताया

पुलिस महानिदेशक (जेल) वरुण कपूर ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया है. एक जांच दल को रायसेन भेजा गया है. जेल आईजी रैंक के अधिकारी को जांच का जिम्मा दिया गया है. शुरूआती जांच में सामने आ रहा है कि जिस हथियार से गोली चलाई गई है, वह जेल के दीवार के बाहर से फेंके जाने का अनुमान लग रहा है. बाकी सीसीटीवी और अन्य लोगों से पूछताछ का क्रम जारी है. जल्द ही पूरी साजिश सामने आएगी. घायल प्रहरी को एम्स में भर्ती कराया गया है.

Latest News

गाजीपुर में नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का भव्य समापन, महाराष्ट्र बना चैंपियन, यूपी को मिला दूसरा स्थान

52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 एवं स्पेशल ओलम्पिक प्रतियोगिता का समापन हो गया. अंतिम दिन पांच भार वर्गों में मुकाबले हुए और महाराष्ट्र ने 99 अंकों के साथ ओवरऑल टीम चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया.

More Articles Like This

Exit mobile version