Murder in Bihar: बिहार से सनसीखेज खबर सामने आई है. यहां गुरुवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष को मौत की नींद सुला दिया. वारदात के बाद अपराधी फरार हो गए. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हैं.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
यह घटना भोजपुर जिले के आरा शहर में नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-स्टेशन रोड इलाके में जैन कालेज के पास हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतक की पहचान क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह के रूप में हुई. उनके शरीर में सात-आठ जगह गोलियों के निशान पाए गए. पुलिस ने घटनास्थल से पांच-छह खोखा बरामद किया.

सुबह टहलने निकले थे रामकुमार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,अनुसार, रामकुमार सिंह (70 वर्ष) आज सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान जैन कालेज के पास हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कस्टम इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे रामकुमार
रामकुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा डुमरिया गांव के निवासी थे. वर्तमान में महाराजा हाता इलाके में रहते थे. वह कस्टम इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. क्षत्रीय कल्याण संगठन की स्थापना के समय से ही वह अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
घटनास्थल पर पहुंचे सदर एसडीओ-1 सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और डीआईयू की टीम ने जांच-पड़ताल की. पुलिस स्वजन से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटा रही है. वहीं, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर रही है.

परिजनों ने लगाया भूमि विवाद में हत्या का आरोप
इधर, मृतक के पुत्र रमेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी ने हत्या के पीछे भूमि विवाद को कारण बताया है. स्वजन ने इस मामले में नामजद लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पूर्व में भी धमकी दी गई थी. पुलिस स्वजन से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, स्वजन से जानकारी ली
इधर, हत्या की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित महाराजा हाता के कनकपुरी मोहल्ला स्थित घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मृतक के पुत्र राजेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी से घटना के संबंध में जानकारी ली. साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की. एसपी ने कहा कि जल्द ही आपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

