मध्य प्रदेश में वारदातः अंधविश्वास के शक में दो लोगों की निर्मम हत्या, मौके पर मिली पूजन सामग्री

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

MP Crime: मध्य प्रदेश से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां दो लोगों की जिंदगी अंधविश्वास की भेंट चढ़ गई. सिंगरौली जिले के अतरावा गांव में गुरुवार सुबह दो लोगों की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई. बीच-बचाव कर रहे दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए. इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई.

पुलिस के मुताबिक

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई. आरोपी छत्रपति सिंह (21 वर्ष) ने पड़ोस में रहने वाली फुलकुमारी सिंह (50 वर्ष) और केमला सिंह (65 वर्ष) पर धारदार हथियार से वार किया. इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद जादू-टोना और अंधविश्वास से जुड़े कारणों की आशंका जताई जा रही है.

बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों पर भी किया हमला

चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पूजा के बहाने बुलाया था पड़ोसियों को

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने घर के बाहर दो दिन पहले मिट्टी का चबूतरा बनवाया था और गुरुवार सुबह पूजा करने की बात कहकर पड़ोसियों को बुलाया था. बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान ही उसने अचानक हमला कर दिया. मौके से नारियल और अगरबत्ती सहित अन्य पूजा सामग्री बरामद की गई है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छत्रपति सिंह पिछले छह माह से मानसिक तनाव में था. उसकी पत्नी का हाल ही में गर्भपात (मिसकैरेज) हुआ था, जिसके बाद वह देवी-देवताओं के नाराज होने की बात कहता था. इसी अंधविश्वास के चलते उसने पूजा-पाठ कराया और वारदात को अंजाम दे दिया.

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज  दिया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

Latest News

इमरान खान की बहनों को जेल से अभी राहत नहीं, पाक सरकार ने 30 दिन और बढ़ाई हिरासत

Pakistan News: पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की तीन बहनों की हिरासत को...

More Articles Like This

Exit mobile version