Iran Drone Attack: मिडिल ईस्ट में जारी जंग खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है. अमेरिका द्वारा ईरान के सबसे ऊंचे ब्रिज पर किए गए हमले के बाद तेहरान पूरी तरह गुस्से में है. उसने खाड़ी देशों के 8 पुलों पर हमले की चेतावनी दी है. वहीं, अब ईरान ने कुवैत की मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला किया है.
हमले में भारी नुकसान की आशंका
ईरान द्वारा किए गए इस अटैक की वजह से रिफाइनरी की कई यूनिट्स में आग लग गई है, मौके पर इमरजेंसी टीम आग बुझाने में जुटी गुई है. इस हमले में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
कुवैत की राष्ट्रीय तेल कंपनी कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (KPC) के मुताबिक, मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर शु्क्रवार सुबह-सुबह ड्रोन से हमला किया गया. हमले के बाद रिफाइनरी की कई ऑपरेशनल यूनिट्स आग का गोला बन गई.
सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक
सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान द्वारा किए इस हमले के बाद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी रिस्पांस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए. अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को कंट्रोल करने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं.
हमले से ऑयल सप्लाई चेन पर पड़ सकता है असर
मालूम हो कि यह रिफाइनरी कुवैत के सबसे बड़े तेल प्रोसेसिंग केंद्रों में से एक मानी जाती है, जहां बड़े पैमाने पर कच्चे तेल को प्रोसेस किया जाता है. ईरान द्वारा किए गए इस हमले से न सिर्फ स्थानीय उत्पादन, बल्कि अंतराष्ट्रीय ऑयल सप्लाई चेन पर भी असर पड़ सकता है. यह हमला ट्रंप की नई धमकियों के बाद की गई है.
सऊदी अरब ने ईरान के पांच ड्रोन को किया नष्ट
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ईरान के पांच ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया गया है. पहले चार ड्रोन को रोकने की पुष्टि की गई थी, इसके बाद रात में एक और ड्रोन को मार गिराया गया था.
इजरायल की सेना ने दी चेतावनी
इजरायल में तेल अवीव के लोगों को हमले के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है. तेल अवीव में सायरन बज रहे हैं. शुक्रवार को इजरायल की सेना ने चेतावनी दी कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ईरान से दागी गई मिसाइलों को गिराने के लिए सक्रिय है.
ईरान ने कहा कि उसके नवीनतम हमलों में संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और इजरायल में स्थित ठिकानों को निशाना बनाया गया है. ये हमले अमेरिका और इजरायल द्वारा पहले किए गए औद्योगिक संयंत्रों पर हमलों के जवाब में किए गए हैं.