Kanpur Lamborghini Case: कानपुर के लेंबोर्गिनी हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवम मिश्रा को दबोच लिया है. उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने करते हुए बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई मौजूद सबूतों और जांच के आधार पर की गई है.
आरोपी शिवम मिश्रा को छह बंगलिया रोड के पास से गिरफ्तार किया है. कानपुर ग्वालटोली थाने की पुलिस ने उसे घर से अरेस्ट किया है. पुलिस आरोपी को कोर्ट लेकर जा रही है, शिवम मिश्रा करीब 90 घंटे से फरार था. आरोपी शिवम हादसे के बाद से कानपुर में ही था.
जाने क्या है कानपुर का लेंबोर्गिनी हादसा
मालूम हो कि बीते दिनों कानपुर में लेंबोर्गिनी कार लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क पर चलती रही और कई लोगों को चोटें आईं. यह मामला वीआईपी रोड के ग्वालटोली इलाके में 8-9 फरवरी को हुआ था. पुलिस के मुताबिक, लगभग 10 करोड़ की लेंबोर्गिनी तेज रफ्तार में चलती हुई वाहन और राहगीरों से टकराई, जिससे कम से कम 6 लोग घायल हुए थे.
लैंबोर्गिनी कार तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की है. हादसे के बाद शुरुआत में पुलिस ने कार को थाने में लाकर ढकवा दिया था और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिससे मामले को लेकर काफी सवाल खड़े हुए थे.
CCTV फुटेज आने के बाद मजबूत हुआ केस
मामला हाई प्रोफाइल होने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा और जांच तेज की गई. सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो सामने आने के बाद साफ हुआ कि कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और अब उसे अरेस्ट कर लिया गया है.

