पाकिस्तान में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, 11 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Accident in Pakistan: पाकिस्तान से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां पंजाब प्रांत में बुधवार को तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. इस हादसे में कम से कम 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है. इस हादसे में महिलाओं और बच्चों की भी मौत हो गई.

निर्माण कार्य वाली सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हुई बस

अधिकारियों के अनुसार, बस कराची से पंजाब प्रांत के डेरा गाजी खान जिले की ओर जा रही थी. इसी बीच राजनपुर इलाके में यह हादसा हुआ. यह जगह लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर है. पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता ने बताया कि जिस राजमार्ग पर हादसा हुआ, वहां निर्माण कार्य चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई.

आठ यात्रियों ने मौके पर और तीन अस्पताल में तोड़ा दम

रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए और घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इस हादसे में आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की सांसे अस्पताल में इलाज के दौरान थम गई. इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई.

19 घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

बचाव अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल 19 यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. वहीं, मामूली रूप से घायल 12 लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई. तीन घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है.

हादसे पर मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने जताया दुख

पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सीएम ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version