Sri Lanka Top Buddhist Monk Arrested: श्रीलंका से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक बड़े बौद्ध भिक्षु को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है. इन पर नाबालिग लड़की के यौन शोषण के आरोप है. पुलिस के अनुसार, 71 वर्षीय पल्लेगामा हेमरत्ना देश के सबसे प्रमुख बौद्ध भिक्षुओं में गिने जाते हैं. वह अनुराधापुरा शहर के एक बड़े मंदिर के मुख्य पुजारी हैं. पुलिस ने उन्हें शुक्रवार रात गिरफ्तार किया.
अदालत ने जारी किया था गिरफ्तारी वारंट
अनुराधापुरा की अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. लड़की की मां को भी गिरफ्तार किया गया है. उस पर आरोप है कि उसने इस मामले में बौद्ध भिक्षु की मदद की. पुलिस प्रवक्ता एफटी वूटलर ने बताया कि पीड़ित लड़की की उम्र अब 15 साल है. आरोप है कि उसके साथ अनुराधापुरा के मंदिर परिसर में यौन शोषण किया गया.
दो महीने पहले दर्ज हुई थी शिकायत
मार्च में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शुरुआत में मामला नाबालिग लड़की के अपहरण और उसे जबरन रोककर रखने का था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को यौन शोषण की जानकारी मिली. पुलिस के अनुसार, हेमरत्ना को राजधानी कोलंबो के एक निजी अस्पताल से पकड़ा गया. वह वहां इलाज करा रहे थे. कोलंबो, अनुराधापुरा से करीब 200 किलोमीटर दूर है. हेमरत्ना, अटामास्थान नाम के पवित्र बौद्ध स्थलों के मुख्य भिक्षु हैं. ये जगह श्रीलंका के सबसे अहम धार्मिक स्थलों में गिनी जाती है और यहां हर साल हजारों श्रद्धालु आते हैं.
110 करोड़ रुपये गांजे के साथ पकड़े गए थे बौद्ध भिक्षु
मालूम हो कि इससे पहले श्रीलंका में बौद्ध भिक्षुओं से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया था. 28 अप्रैल 2026 को कोलंबो एयरपोर्ट पर 22 बौद्ध भिक्षुओं को 110 किलो से अधिक गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के अनुसार, ये सभी भिक्षु थाईलैंड से लौट रहे थे. उनके सूटकेस में खास तरीके से नकली तली बनाकर गांजा छिपाया गया था.
हर बैग में मिला था पांच किलो गांजा
हर बैग में पांच किलो से अधिक गांजा मिला था. अधिकारियों का कहना था कि यह एयरपोर्ट पर अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक है. जब्त गांजे की कीमत करीब 34.5 लाख डॉलर यानी लगभग 110 करोड़ रुपये बताई गई थी.

