Kulgam Terror Attack: शुक्रवार की देर शाम जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया. इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई. इस घटना पर सीएम साय ने दुख व्यक्त किया है.
हमले में इनकी हुई मौत
आतंकियों ने दोनों मजदूरों को निशाना बनाया. इस हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 28 वर्षीय भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने एसकेआईएमएस श्रीनगर रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने बताया कि उसके सीने में गोली लगी थी और इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया.
इस संगठन ने ली घटना की जिम्मेदारी
घटना की जिम्मेदारी लश्कर-ए-ताइबा (एलईटी) के शैडो संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है. सूत्रों की माने तो, मजदूरों को गोली मारने से पहले उनके नाम भी पूछे गए थे. घाटी में महज 10 दिनों के भीतर टारगेट किलिंग की यह दूसरी बड़ी घटना है. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, दीपक के पिता उमाशंकर रात्रे व भुपेंद्र के दशरथ हैं. दोनों के घर सूचना दे दी गई है.
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख
इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. सीएम साय के पोस्ट करते समय एक मजदूर का इलाज जारी था. ऐसे में उन्होंने एक्स पर लिखा, “कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है. अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना.”