पश्चिम बंगाल: हल्दिया रिफाइनरी की पाइपलाइन में लगी भीषण आग, कई कर्मचारी झुलसे, रेल सेवा प्रभावित

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Haldia Refinery Fire: बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मंगलवार को तड़के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया रिफाइनरी (हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स) की नैप्था सप्लाई पाइपलाइन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में अब तक करीब 15 लोगों के झुलसने की खबर है, जबकि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर पहुंची हैं.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैप्था पाइपलाइन में अचानक जोरदार धनाका हुआ. धमाके के तुरंत बाद लगी आग तेजी से फैलते हुए हल्दिया नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक पहुंच गई.

WhatsApp Image 2026-06-30 at 10.13.51 (2)

आग की लपटों में मची अफरा-तफरी

अचानक हुए धमाके और आग की लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए. स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक पाइपलाइन से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आसपास के कई घरों में आग लग गई. देखते ही देखते पूरा इलाका आग की जद में आ गया.

दो लोगों की हालत नाजुक

दमकल कर्मियों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर 15 घायलों को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में बाहर निकाला. तत्काल सभी घायलों को हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में पांच घायलों को बेहतर उपचार के लिए तमलुक मेडिकल कालेज रेफर किया गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलने के बाद हल्दिया के विधायक प्रदीप बिजली अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने आशंका जताई कि पाइपलाइन से नैप्था गैस के रिसाव की वजह से विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई. हालांकि, पाइपलाइन से रिसाव क्यों हुआ, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

बयान जारी कर हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स प्रबंधन ने कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. कंपनी ने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता कर्मचारियों और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

हादसे से रेल सेवा प्रभावित

हादसे का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है. जिस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, उसके पास ही हल्दिया-पांशकुड़ा रेल मार्ग गुजरता है. विस्फोट के कारण ओवरहेड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर जल गए, साथ ही रेलवे ट्रैक का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है. सुरक्षा कारणों से हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेन को भी रोका गया है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

क्या होता है नैफ्था?

जानकारी के मुताबिक, नैफ्था कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त एक अत्यधिक वाष्पशील और ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन तरल होता है. जब कच्चा तेल उबाला जाता है, तो पेट्रोल से ठीक पहले नैफ्था वाष्प के रूप में अलग हो जाता है. यह कुल कच्चे तेल का लगभग 15% से 30% होता है. इसका मुख्य उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, रबर बनाने के लिए कच्चे माल के रूप में और पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने में किया जाता है.

Latest News

मुंबईः स्कूल बस पर गिरा पेड़, एक बच्चे की मौत, दस घायल

Mumbai School Bus Accident: मुंबई से दुखद खबर सामने आई है. मंगलवार की दोपहर यहां एक स्कूल बस पर पेड़...

More Articles Like This

Exit mobile version