Donald Trump Statement: अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष भयावह होता जा रहा है. इसी बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का एक बयान खूब चर्चा में है, जिसने दुनियाभर को परेशान कर दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि अमेरिका रविवार को ही ईरान पर हमला कर सकता है. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा, सुंदर और शांतिपूर्ण समझौता होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है.
अब ऐसे समय में ट्रंप के इस दो टूक बयान ने एक बार फिर पूरी दुनिया को सस्पेंस में डाल दिया है. सवाल अब यह है कि क्या आज ट्रंप कुछ बड़ा करने वाले हैं?
क्या कहा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने?
फ्लोरिडा में मध्यावधि चुनावों के लिए अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका ईरान पर कोई नया सैन्य हमला करने जा रहा है, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब दिया. ट्रंप ने कहा कि क्या आपको वाकई लगता है कि मैं आपको यह बात बता दूंगा? जब एक रिपोर्टर ने जोर देकर कहा कि पूछना तो हमारा फर्ज है, तो ट्रंप ने उस सवाल को मूर्खतापूर्ण करार दिया, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ दिया कि वे इस पर विचार कर रहे हैं.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि शायद कल… यानी रविवार को ऐसा हो सकता है, इस बात की संभावना है, लेकिन इसके साथ ही इस बात की भी पूरी संभावना है कि हमारे बीच एक अच्छा, बड़ा और सुंदर समझौता हो जाए. ट्रंप ने इस बात पर जोर दिया कि वे समझौता करना चाहते हैं, लेकिन असली समस्या यह है कि क्या वे उस समझौते पर टिक पाएंगे? ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने तेहरान पर इसलिए हमला किया था, ताकि वह कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके.