Bihar Elections: प्रशांत किशोर के खिलाफ केस दर्ज, जानें क्या है मामला

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

वैशाली: वैशाली जिले के राघोपुर थाने में जन सुराज के संस्थापक और बिहार के विधानसभा चुनाव में ताल ठोंक रहे प्रशांत किशोर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर प्रशांत किशोर पर केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि वे सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ राघोपुर पहुंचे थे. अंचलाधिकारी के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है. मालूम हो कि शनिवार को प्रशांत किशोर राघोपुर विधानसभा पहुंचे थे. यहीं से उन्होंने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की.

प्रशांत किशोर ने राघोगढ़ से शुरू की चुनावी रैली

मालूम कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के गढ़ राघोपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत की. उन्होंने दावा किया कि वह तेजस्वी को उनके ही क्षेत्र में अमेठी जैसी हार देंगे. वैशाली के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे प्रशांत किशोर का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. यह इलाका पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर गंगा के उस पार स्थित है और तेजस्वी यादव का पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र माना जाता है.

तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने राघोपुर में कहा, ‘‘आपका विधायक दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुका है. क्या कभी उसने आपकी समस्याएं सुनीं?’’ इस पर कई ग्रामीणों ने बताया कि वे तेजस्वी यादव से मिलने में भी सक्षम नहीं हैं. राघोपुर रवाना होने से पहले पटना में प्रशांत किशोर ने कहा, ‘‘सुनने में आ रहा है कि तेजस्वी यादव इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं. अगर उन्हें डर लग रहा है, तो दो जगह से लड़ लें, लेकिन राघोपुर में उनका हाल 2019 में राहुल गांधी जैसा होगा, जब वे दो सीटों से लड़े थे और अमेठी हार गए थे.’’

प्रशांत किशोर ने कहा…

हालांकि, जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या वह खुद राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे? इस पर उन्होंने कहा, ‘‘जनसुराज पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक रविवार को होगी. राघोपुर से मिले फीडबैक के आधार पर सबसे उपयुक्त उम्मीदवार तय किया जाएगा. यह कहना अभी संभव नहीं कि वह मैं होऊंगा या कोई और.’’

Latest News

55 कारीगर, 5840 घंटे की मेहनत….दुबई में बना दुनिया का सबसे बड़ा झुमका

Largest Gold Jhumkas: दुबई की एक ज्वेलरी कंपनी ने सोने का एक अनोखा झुमका बनाया है, जो दुनिया में...

More Articles Like This

Exit mobile version