MLC Election: फतेहपुर जिले के खागा तहसील क्षेत्र के विजयीपुर विकासखंड में MLC चुनाव की वोटिंग के दौरान समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया. कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराकर स्थिति संभाली.

धक्का-मुक्की के बीच शुरु हुई हाथापाई
बताया जा रहा है कि विजयीपुर विकासखंड के बूथ संख्या-159 पर मतदान के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. इस दौरान सपा नेता नरेश कोरी और विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व भाजपा नेता आदित्य त्रिवेंद्र के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की के बीच कहासुनी शुरु हो गई. मामला शांत होने के बजाय बढ़ता ही गया और हाथापाई में शुरु हो गई. वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया गया है.
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जिलाधिकारी
मामले की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि विजयपुर विकासखंड की बूथ संख्या-159 पर प्राप्त शिकायत का तत्काल संज्ञान लिया गया. संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और शिकायत के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए है. उन्होंने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के भी निर्देश दिए.
(रिपोर्ट, यश द्विवेदी)