West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. इसी बीच जाने-माने आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि असम हो या पश्चिम बंगाल, दोनों राज्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू चल रहा है और बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है.
संभल में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि असम के विधानसभा चुनाव हों या बंगाल के, दोनों जगह पीएम मोदी का जादू चल रहा है. बंगाल में यह जादू 29 अप्रैल को भी जारी रहेगा. उन्होंने वोटरों से अपील की कि अगर वे प्रदेश को बांग्लादेश बनने से रोकना चाहते हैं, तो नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर भरोसा करते हुए भारतीय जनता पार्टी को वोट दें.
बंगाल ज्वार-भाटा की तरह उछल रहा
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि बंगाल इस समय ज्वार-भाटा की तरह उछल रहा है. मुझे लगता है कि परिवर्तन संसार का नियम है और यह एक सच्चाई है. बंगाल में भी परिवर्तन होगा और यह राज्य के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है.
भाजपा नेताओं का दावा, बदलाव तय
दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारी बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि वहां की जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने वहां की जनता को धोखा दिया और राज्य को विकास से पीछे रखा.
उन्होंने कहा कि अब जब बंगाल बदलाव की राह पर बढ़ रहा है तो तृणमूल कांग्रेस घबरा गई है. बंगाल की जनता ने नारा दिया है कि 4 मई को ममता गई और अब राज्य में कमल खिलने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ बंगाल की जनता है और वहां पर जनता कमल खिलाने जा रही है.
142 सीटों पर आज मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर बुधवार को मतदान हो रहा है. इससे पहले पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण में 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया था. इसे देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि दूसरे चरण में भी भारी मतदान हो सकता है.
यह भी पढ़े: ओडिशा में हादसा: ट्रक से टकराई बस, चार लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल

