Mumbai: अभिनेता सनी देओल अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं. फिल्म की टीम देशभर में प्रमोशनल सिटी टूर कर रही है. इसी दौरान फिल्म से जुड़ी एक खास पहल सामने आई है, जिसमें सनी देओल समाज के लिए बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित करेंगे. आमिर खान प्रोडक्शंस की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है.
दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह
फिल्म के टीजर और पोस्टर्स के बाद अब ट्रेलर ने भी दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. बंटवारे की त्रासदी और इंसानियत की कहानी को दिखाने वाले ट्रेलर को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशनल टूर के दौरान हर शहर में सनी देओल उन लोगों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर समाज के लिए योगदान दिया है.
ट्रेलर में साल 1947 के बंटवारे की भयावह स्थिति
इस पहल का उद्देश्य फिल्म के संदेश को सिर्फ पर्दे तक सीमित न रखते हुए असल जिंदगी के साहस, इंसानियत और करुणा को भी सम्मान देना है. फिल्म के ट्रेलर में साल 1947 के बंटवारे की भयावह स्थिति को दिखाया गया है. कहानी में जहां हिंसा और दर्द नजर आता है, वहीं दूसरी ओर ऐसे आम लोगों की हिम्मत भी दिखाई गई है, जिन्होंने मुश्किल हालात में भी इंसानियत का साथ नहीं छोड़ा.
एक्टिंग की जमकर तारीफ
ट्रेलर रिलीज के बाद दर्शकों ने फिल्म की कहानी, विजुअल्स और कलाकारों की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है. ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे. इस फिल्म की खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की चर्चित जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी.
निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीतों को जावेद अख्तर ने लिखा है. फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है. ‘बंटवारा 1947’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी.
इसे भी पढ़ें. ‘साजिश का हुआ शिकार, फिर से लौट रहा मेरा दौर’, अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए सोनू निगम