अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, फिर खुलेगा विजय सालगांवकर का राज

Mumbai: अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है. बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा फैमिली थ्रिलर फ्रेंचाइजी में से एक ‘दृश्यम’ अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है. फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के आइकॉनिक किरदार में नजर आएंगे. वहीं इस बार उनके सामने एक नई और बड़ी चुनौती बनकर जयदीप अहलावत की एंट्री हुई है. फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

पुराने किरदारों में वापसी

फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं. वहीं प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी ने पिछले कुछ सालों में दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई है. विजय सालगांवकर की कहानी, उसके परिवार और पुलिस से बचने के लिए उसकी चालों ने दर्शकों को लगातार बांधे रखा है. अब फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म में कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचने वाली है.

फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले बिल्कुल नया

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां ‘दृश्यम 2’ की कहानी खत्म हुई थी. हालांकि मेकर्स ने साफ किया है कि फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले बिल्कुल नया है. इस बार विजय सालगांवकर के सामने पहले से भी बड़ी चुनौती होगी. ट्रेलर में दिखाया गया है कि सालों से दफन सच को बाहर निकालने के लिए स्टेट क्राइम ब्रांच का नया अफसर मैदान में उतरता है. जयदीप अहलावत फिल्म में एसपी क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर का किरदार निभा रहे हैं.

केस को सुलझाने के लिए पूरी ताकत

राजवीर इस केस को सुलझाने के लिए पूरी ताकत लगा देता है और विजय के सामने एक ऐसा प्रतिद्वंद्वी बनकर आता है, जो उसकी हर चाल का जवाब देने की कोशिश करेगा. विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार को बचाने के लिए हर कदम सोच-समझकर उठाता नजर आएगा. लेकिन इस बार हालात पहले से ज्यादा मुश्किल हैं. पुराने राज फिर से सामने आने लगे हैं और पुलिस का शिकंजा भी कसता जा रहा है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय एक बार फिर पुलिस से एक कदम आगे रह पाएगा या फिर इस बार उसका बनाया पूरा खेल बिखर जाएगा.

कहानी का गोवा से खास कनेक्शन

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी का गोवा से खास कनेक्शन रहा है. ऐसे में मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए भी गोवा को चुना. मीडिया और इंफ्लुएंसर्स को फिल्म की दुनिया का अनुभव कराने के लिए खास इवेंट आयोजित किया गया, जिसमें फ्रेंचाइजी से जुड़े आइकॉनिक लोकेशंस और यादगार पलों को दोबारा जीवंत किया गया. इसके बाद पणजी में फिल्म के ट्रेलर का भव्य लॉन्च हुआ. इस मौके पर अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और मृणाल जाधव के साथ डायरेक्टर अभिषेक पाठक और फिल्म के निर्माता भी मौजूद रहे.

रोमांचक होगा मुकाबला 

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने तैयार किया है. फिल्म को अलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है. अब ‘दृश्यम’ की कहानी अपने सबसे बड़े और आखिरी मुकाबले की ओर बढ़ रही है. एक तरफ विजय सालगांवकर का दिमाग और दूसरी तरफ राजवीर सिंह तोमर की जांच. ऐसे में 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में होने वाला ये मुकाबला कितना रोमांचक होगा, इसका इंतजार दर्शकों को बेसब्री से है.

इसे भी पढ़ें. श्रीलंका के राष्ट्रपति से मिले राजनाथ सिंह, कहा- मुश्किल वक्त में हमेशा साथ रहेंगे, दिल और आत्मा का है रिश्ता

Latest News

वन्यजीवों के प्रहरियों की सुरक्षा का संकल्प: डॉ. राजेश्वर सिंह ने तराई के Wildlife Protectors के लिए की बड़ी पहल

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के मुस्तफाबाद में 140 बाघ मित्रों को सम्मानित किया गया. डॉ. राजेश्वर सिंह ने बाघ मित्रों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों के लिए ₹5 लाख जीवन बीमा और ₹2 लाख चिकित्सा बीमा की पहल की. कार्यक्रम में Leopard Rescue Centre और पीलीभीत-तराई पर फिल्म निर्माण की भी घोषणा हुई.

More Articles Like This

Exit mobile version