Mumbai: किरण राव की हिट फिल्म ‘लापता लेडीज’ में छोटू का किरदार निभाने वाले एक्टर सतेंद्र सोनी दो और कलाकारों के साथ फिलहाल सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं. उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और उन लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें और बाकी कलाकारों को सुरक्षित मुंबई पहुंचने में मदद की. दरअसल, सतेंद्र ने इंस्टाग्राम पर एक परेशान करने वाला वीडियो शेयर किया था.
डायरेक्टर ने मारने की धमकी भी दी
वीडियो में सतेंद्र रोते हुए दिखाई दे रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के लिए उन्हें न पेमेंट दिया गया और एक डायरेक्टर ने उन्हें मारने की धमकी भी दी. वीडियो में सतेंद्र सोनी रो पड़े और बताया कि कैसे फिल्ममेकर ने कथित तौर पर उनकी फीस देने से मना कर दिया और पेमेंट मांगने पर उन्हें धमकी भी दी. उन्होंने कहा, ‘मेरा नाम सतेंद्र सोनी है. मैं एक एक्टर हूं। मैं यहां एक फिल्म की शूटिंग के लिए आया था, जिसके डायरेक्टर पुष्पेंद्र हैं.
बाकी पैसे शूटिंग के बाद देंगे
उन्होंने मुझे 50,000 रुपए साइनिंग अमाउंट दिया था और कहा था कि बाकी पैसे शूटिंग के बाद देंगे. आज शूटिंग के आठ दिन पूरे हो गए हैं और जब मैंने उनसे पैसों के बारे में बात की, तो उन्होंने मुझे पैक-अप करने को कहा और बोले, ‘मुझे तुम होटल में नहीं दिखने चाहिए.’ वो मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.’ कैप्शन में सतेंद्र ने डायरेक्टर और उनकी पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाया.
कार से हमारा पीछा किया
उन्होंने लिखा, ‘हम तीनों टहल रहे थे, तभी उन्होंने कार से हमारा पीछा किया. उनकी पत्नी प्रगति चौहान और डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने मुझे देखते ही सड़क के बीचों-बीच पीटना शुरू कर दिया. जब श्रीधर भैया मुझे बचाने के लिए आगे आए, तो डायरेक्टर ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया.’ कुछ देर पहले सतेंद्र ने एक अन्य वीडियो साझा किया है. इसमें सतेंद्र दो और कलाकारों के साथ मुंबई के एक रेलवे स्टेशन पर दिखाई दे रहे हैं और बता रहे हैं कि वे सुरक्षित शहर पहुंच गए हैं.
लोगों का भी शुक्रिया अदा किया
उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और उन लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें और बाकी कलाकारों को सुरक्षित मुंबई पहुंचने में मदद की. सतेंद्र सोनी ने कई मशहूर प्रोजेक्ट्स में छोटे लेकिन अहम रोल किए हैं, जिनमें आयुष्मान खुराना की ‘डॉक्टर जी’, वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की ‘बवाल’, नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स’ और टीवी शो ‘हेलो बच्चों’ शामिल हैं. उन्हें आमिर खान के प्रोडक्शन और किरण राव के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘लापता लेडीज़’ में एक छोटा लेकिन अहम रोल निभाने के बाद ज्यादा पहचान मिली.
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आएंगे
इसके बाद अब सतेंद्र बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आएंगे. यह फिल्म हिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित है और इसे फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. इसमें पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल और जितेंद्र कुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं. सतेन्द्र अक्सर अपने इंस्टाग्राम पर अपने को-स्टार्स के साथ शूटिंग के दौरान की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं.