Mumbai: एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने टीवी की मशहूर अभिनेत्री श्वेता तिवारी के साथ शादी की खबरों को लेकर नाराज हैं. विशाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर लोग बिना पूरी सच्चाई जाने कुछ भी लिख देते हैं. विशाल इन दिनों रोहित शेट्टी के रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को लेकर सुर्खियों में हैं. शो से बाहर होने के बाद उन्होंने एक बातचीत में अपने करियर के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया.
कथित लिंकअप और शादी को लेकर सवाल
इसी दौरान उनसे श्वेता तिवारी के साथ उनके कथित लिंकअप और शादी की खबरों को लेकर सवाल किया गया. श्वेता के साथ अफेयर की खबरों पर विशाल ने साफ किया कि दोनों के बीच सिर्फ दोस्ती का रिश्ता है. उन्होंने श्वेता को अपनी बेहद अच्छी दोस्त बताया. विशाल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी और श्वेता की दोस्ती इतनी अच्छी है कि वह उन्हें ‘तिवारी जी’ भी कह सकते हैं और मजाक में ‘मॉम’ भी. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि श्वेता उनकी मां नहीं हैं, बल्कि सबसे पहले उनकी अच्छी दोस्त हैं.
शादी की अफवाहों के बारे में पूछा
जब विशाल से श्वेता के साथ शादी की अफवाहों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इन बातों को ज्यादा तवज्जो देने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि लोगों को जो कहना है, कहने दीजिए. वह ऐसी बातों पर ध्यान देने के बजाय अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना पसंद करते हैं. उन्होंने अपनी बात समझाने के लिए हाथी और कुत्ते का उदाहरण भी दिया. विशाल के मुताबिक, जब कोई हाथी रास्ते से गुजरता है तो कुत्ते भौंकते रहते हैं, लेकिन हाथी अपनी राह चलता रहता है. वह भी सोशल मीडिया की ऐसी बातों को नजरअंदाज करके आगे बढ़ना पसंद करते हैं.
दोस्ती पर भी पड़ा असर
विशाल ने बताया कि लगातार उड़ रही लिंकअप की खबरों का असर उनकी और श्वेता की दोस्ती पर भी पड़ा है. पहले दोनों सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें शेयर कर लिया करते थे, लेकिन अब वे ऐसा कम करते हैं. दोनों की मुलाकातें भी पहले की तुलना में कम हो गई हैं. इसकी वजह किसी तरह की नाराजगी नहीं, बल्कि लगातार सामने आने वाली अफवाहें हैं. विशाल ने यह भी बताया कि उन्हें श्वेता के लिए इन अफवाहों की वजह से ज्यादा चिंता होती है.
श्वेता दो बच्चों की मां
उनका कहना है कि वह खुद एक पुरुष हैं और शायद ऐसी बातों को किसी हद तक संभाल सकते हैं, लेकिन श्वेता दो बच्चों की मां हैं और उनकी जिंदगी पहले ही कई उतार-चढ़ाव से गुजर चुकी है. इसी वजह से विशाल नहीं चाहते कि सोशल मीडिया पर चलने वाली बेवजह की बातें श्वेता को किसी तरह परेशान करें या उनकी निजी जिंदगी पर असर डालें. श्वेता तिवारी अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं.
दोनों की दोस्ती को लेकर तरह-तरह की बातें
पिछले कुछ समय से उनका नाम अभिनेता विशाल आदित्य सिंह के साथ जोड़ा जा रहा है. दोनों की दोस्ती को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होती रहती हैं. यहां तक कि कुछ रिपोर्ट्स में दोनों की शादी की अटकलें भी लगाई गईं.
इसे भी पढ़ें. बिहार में हादसाः कुएं की गैस निगल गई पिता-पुत्र सहित चार लोगों की जिंदगी

