How to Make Chicken Naan at Home: घर पर ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल चिकन नान, हर कोई करेगा तारीफ

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

How to Make Chicken Naan at Home: अगर आपको लगता है कि रेस्टोरेंट जैसा चिकन नान घर पर बनाना मुश्किल है, तो यह गलतफहमी आज दूर हो जाएगी. सिर्फ कुछ आसान स्टेप्स और रसोई में मौजूद सामान्य सामग्री की मदद से आप ऐसा सॉफ्ट, बटर से भरपूर और मसालेदार चिकन नान तैयार कर सकते हैं, जिसका स्वाद किसी ढाबे या बड़े रेस्टोरेंट से कम नहीं होगा.

खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए तंदूर की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. अगर आटा सही तरीके से तैयार किया जाए, चिकन की स्टफिंग स्वादिष्ट हो और नान को सही तकनीक से सेंका जाए, तो हर निवाला आपको होटल जैसा स्वाद देगा. आइए जानते हैं घर पर चिकन नान बनाने की आसान और स्वादिष्ट रेसिपी.

सबसे पहले तैयार करें मुलायम आटा

चिकन नान का स्वाद काफी हद तक उसके आटे पर निर्भर करता है. इसलिए सबसे पहले सही तरीके से आटा तैयार करना जरूरी है. इसके लिए 500 ग्राम मैदा लें और उसमें स्वादानुसार नमक, आधा कप गुनगुना दूध, 2 बड़े चम्मच दही, 1 छोटा चम्मच चीनी, 1 छोटा चम्मच इंस्टेंट यीस्ट (या आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा) और 2 बड़े चम्मच पिघला हुआ घी डालें. अब धीरे-धीरे दूध मिलाते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटे पर हल्का-सा तेल लगाकर उसे ढक दें और किसी गर्म जगह पर करीब 1 से 2 घंटे के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह फूल जाए. जितना अच्छा आटा फूलेगा, नान उतना ही मुलायम बनेगा.

मसालेदार चिकन स्टफिंग ऐसे करें तैयार

जब तक आटा फूल रहा हो, तब तक चिकन की स्टफिंग तैयार कर लें. इसके लिए उबला हुआ और बारीक रेशेदार चिकन लें. इसमें बारीक कटा प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और थोड़ा-सा चाट मसाला डालें. अब इस मिश्रण को हल्की आंच पर 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह भून लें. जब मसाले चिकन में अच्छी तरह मिल जाएं और मिश्रण हल्का सूखा हो जाए, तब गैस बंद कर दें और स्टफिंग को पूरी तरह ठंडा होने दें.

अब तैयार करें चिकन नान

जब आटा फूल जाए, तब उसकी बड़ी लोई बनाकर हल्का बेल लें. इसके बीच में 2 से 3 चम्मच चिकन स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद करके पोटली जैसा आकार दें. अब इसे हल्के हाथों से दोबारा बेलें. ध्यान रखें कि ज्यादा दबाव न डालें, नहीं तो स्टफिंग बाहर निकल सकती है.

तवे पर ऐसे सेंकें होटल जैसा नान

एक मोटा तवा तेज आंच पर गर्म करें. नान की एक तरफ हल्का पानी लगाएं और उसी हिस्से को तवे पर चिपका दें. जब नान फूलने लगे और नीचे से सिक जाए, तब तवे को सावधानी से उल्टा करके सीधे आंच पर सेकें, ताकि ऊपर का हिस्सा भी अच्छी तरह पक जाए. अगर आपका तवा उल्टा नहीं किया जा सकता, तो नान को दोनों तरफ से तवे पर ही अच्छी तरह सेक लें.

आखिर में लगाएं मक्खन

जब नान पूरी तरह पक जाए, तब उस पर गर्मागर्म पिघला हुआ मक्खन या घी लगाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा-सा हरा धनिया और कलौंजी भी छिड़क सकते हैं. इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा. इसे मसालेदार चिकन करी, दाल मखनी, पनीर बटर मसाला या अपनी पसंद की किसी भी ग्रेवी के साथ गर्मागर्म परोसें.

ये छोटी-छोटी टिप्स रखें याद

अगर आप पहली बार चिकन नान बना रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. आटा हमेशा नरम रखें, क्योंकि सख्त आटे से नान मुलायम नहीं बनता. स्टफिंग पूरी तरह ठंडी होने के बाद ही भरें. नान को मध्यम से तेज आंच पर सेंकें और बार-बार पलटने से बचें. अगर मक्खन अंत में लगाया जाए, तो नान ज्यादा स्वादिष्ट और रेस्टोरेंट जैसा लगता है.

यह भी पढ़े: Breakfast Recipe: रोज-रोज पोहा-पराठा खाकर हो गए बोर? घर पर बनाएं सॉफ्ट और क्रिस्पी वेज उत्तपम

Latest News

Apple Price Hike: एप्पल के महंगे प्रोडक्ट्स बदलेंगे ग्राहकों की पसंद? रिफर्बिश्ड मार्केट में आ सकता है बूम

Apple ने अपने कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में iPhone की कीमत भी बढ़ सकती है. ऐसे में रिफर्बिश्ड मार्केट की डिमांड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

More Articles Like This

Exit mobile version