Aaj Ka Mausam: 14 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट, UP-Bihar में बिजली गिरने का खतरा, दिल्ली में जल्द बदलेगा मौसम

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

मार्च का आधा महीना गुजरने के साथ ही देश के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी के बाद अब मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक करीब 14 राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है.

14 राज्यों में येलो अलर्ट

IMD ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है.

कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-NCR में अभी बढ़ेगी गर्मी

दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. 13 और 14 मार्च को राजधानी का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से दिल्ली में मौसम बदल सकता है. इस दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

UP-Bihar में आंधी और बिजली गिरने का खतरा

उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. 15 और 16 मार्च के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है. साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बिहार में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है. 15 से 17 मार्च के बीच राज्य के कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.

पहाड़ों में बर्फबारी, पश्चिम भारत में लू

पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 से 18 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं दूसरी ओर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लू का असर जारी है. गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान

पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 15 मार्च के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अचानक बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. लोगों को आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़े: LPG सिलेंडर बुकिंग नियम बदले: शहरों में 25 दिन और गांवों में 45 दिन का अंतर, OTP से होगी डिलीवरी पुष्टि

More Articles Like This

Exit mobile version