अगले 3 दिन दिल्ली-NCR रहेगा कूल-कूल, यूपी के 26 जिलों में भीषण लू का कहर, जानें कब आएगा मानसून

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. कहीं झमाझम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है तो कहीं भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 जून 2026 को देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और विभिन्न क्षेत्रों में बने मौसमीय सिस्टम के कारण कई राज्यों में आंधी, तूफान और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. वहीं मानसून भी धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है.

दिल्ली-NCR में तीन दिन राहत के आसार

दिल्ली और एनसीआर के लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को लू से राहत मिलेगी.

उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है. उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, सोलन, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

जम्मू-कश्मीर में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल और बडगाम सहित कई क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है. अमरनाथ यात्रा मार्ग पर भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 जून तक कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि लद्दाख में रात के समय तापमान काफी कम बना रहेगा.

बिहार में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. सिवान, पूर्णिया, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, सारण, मधेपुरा, भोजपुर, मधुबनी, वैशाली, किशनगंज, सहरसा, कटिहार और सुपौल में 20 जून तक तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

मध्य प्रदेश के 30 जिलों में येलो अलर्ट

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग ने राज्य के 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. जबलपुर, सागर, रतलाम, नर्मदापुरम, विदिशा, कटनी, हरदा, खंडवा, शाजापुर, खरगोन, मंदसौर, बड़वानी, अलीराजपुर, आगर-मालवा, झाबुआ, धार, नीमच, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, दमोह, बैतूल, नरसिंहपुर, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, छिंदवाड़ा, बालाघाट और सिवनी में तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में बारिश भी, लू भी

उत्तर प्रदेश में मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है. जहां कुछ जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहीं कई क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है. नोएडा, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और आजमगढ़ सहित कई जिलों में धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं अवध और पूर्वांचल के कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम रहेगा सक्रिय

राजस्थान के बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, गुजरात, असम और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में न रुकने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. वहीं लू प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

Disclaimer: (यह समाचार विभिन्न मौसम पूर्वानुमानों और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी जानकारी पर आधारित है. मौसम की परिस्थितियां समय और स्थान के अनुसार बदल सकती हैं. The Printlines किसी भी मौसम पूर्वानुमान की पूर्ण सटीकता की गारंटी नहीं देता. यात्रा या अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा अपडेट अवश्य देखें.)

Latest News

पाकिस्तान में वारदातः ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या

Pakistan crime: पाकिस्तान से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां बृहस्पतिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक अज्ञात बंदूकधारी...

More Articles Like This