Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों बिल्कुल अलग-अलग तस्वीरें पेश कर रहा है. एक ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज आग बरसा रहा है और लोग भीषण गर्मी व लू से बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून ने जोरदार दस्तक देकर मौसम को सुहाना बना दिया है. कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले कुछ दिनों में देश के कई और हिस्सों को कवर कर लेगा. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का क्या हाल रहने वाला है.
पूर्वोत्तर में मानसून की धमाकेदार एंट्री
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेज रफ्तार से आगे बढ़ते हुए त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पहुंच चुका है. अगले दो से तीन दिनों में इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के शेष इलाकों तक पूरी तरह फैलने की संभावना है. मानसून की सक्रियता के कारण इन राज्यों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में अभी दो दिन और सताएगी गर्मी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार 10 जून तक इलाके में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा. आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दोपहर के समय लू चलने से लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि, राहत की खबर यह है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल सकता है. 11 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की शुरुआत होगी, जबकि 12 और 13 जून को तेज आंधी और अच्छी बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में करीब 6 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में लू का कहर, लेकिन राहत भी करीब
उत्तर प्रदेश में फिलहाल गर्मी अपने चरम पर है. कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. बांदा में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि आगरा, अलीगढ़ और राजधानी लखनऊ में तापमान 43 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी भीषण गर्मी बनी रहेगी. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या, बलिया, बस्ती, गोंडा और लखनऊ समेत कई इलाकों में 10 जून के बाद मौसम बदलने के संकेत हैं. 11 से 13 जून के बीच तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिल सकती है.
मध्य प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है. कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. हरदा, सीहोर, देवास, खंडवा और ओंकारेश्वर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा इंदौर, भोपाल, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, दमोह, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल, सिंगरौली समेत कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
राजस्थान में दो तरह का मौसम
राजस्थान में मौसम का मिजाज भी पूरी तरह बंटा हुआ दिखाई दे रहा है. एक तरफ पश्चिमी राजस्थान के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर पूर्वी जिलों में बारिश राहत पहुंचा रही है. श्रीगंगानगर हाल ही में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया. आज जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और चूरू सहित कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है. वहीं अलवर सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. जयपुर, कोटा, उदयपुर और सीकर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. 11 जून से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ राज्य में प्री-मानसून गतिविधियों को और मजबूत कर सकता है.
जम्मू में गर्मी का प्रकोप जारी
जम्मू क्षेत्र में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लू जैसे हालात बने रहेंगे. हालांकि 11 जून के बाद यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.
दक्षिण भारत में बारिश का जोर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. नीलगिरि, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, कोयंबटूर, तेनकासी और तिरुनेलवेली के पहाड़ी इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. राजधानी चेन्नई में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. इसके अलावा कोंकण, गोवा, लक्षद्वीप और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग की सलाह
देश के जिन हिस्सों में लू का प्रकोप है वहां लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. वहीं जिन क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है, वहां लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें. लखनऊः CM योगी बोले- अब ज्यादा सटीक होती है मौसम संबंधी भविष्यवाणी, पहले…

